Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर प्रदेश के 56वें मुख्य सचिव बने एसपी गोयल, 2027 तक बना रह सकता है सीएम योगी का साथ, ये है बड़ी वजह

    Updated: Fri, 01 Aug 2025 08:13 AM (IST)

    उत्तर प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिल गया है। शशि प्रकाश गोयल 56वें मुख्य सचिव बने हैं। उन्होंने मनोज कुमार सिंह का स्थान लिया जो सेवानिवृत्त हो गए। गोयल 2027 तक इस पद पर रहेंगे। उन्होंने जीरो टॉलरेंस और औद्योगिक विकास पर जोर देने की बात कही। गोयल ने प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने और अर्थव्यवस्था को बेहतर बनाने का संकल्प लिया है।

    Hero Image
    एसपी गोयल बने प्रदेश के 56वें मुख्य सचिव

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल प्रदेश के 56वें मुख्य सचिव बन गए हैं। वर्ष 1989 बैच के आईएएस अधिकारी एसपी गोयल गुरुवार शाम छह बजे लोकभवन पहुंचकर मुख्य सचिव का पदभार संभाल लिया। वह 31 जनवरी 2027 तक मुख्य सचिव रह सकते हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केंद्र सरकार से मुख्य सचिव पद पर सेवा विस्तार न मिलने से गुरुवार शाम मनोज कुमार सिंह सेवानिवृत्त हो गए। राज्य सरकार ने सेवा विस्तार के लिए केंद्र सरकार को पत्र लिखा था। मनोज से पहले मुख्य सचिव रहे दुर्गा शंकर मिश्र को ढाई वर्ष का सेवा विस्तार मिला था।

    आईएएस अधिकारियों में वर्ष 1988 बैच के मनोज कुमार सिंह के बाद सबसे वरिष्ठ अधिकारी गोयल हैं। वरिष्ठता को देखते हुए उनको मुख्य सचिव की कुर्सी मिल गई। उनका रिटायरमेंट जनवरी 2027 में है। इस दौरान अगले वर्ष प्रदेश में पंचायत चुनाव होंगे। वहीं 2027 के मार्च-अप्रैल में विधानसभा चुनाव होने हैं।

    ऐसे में माना जा रहा है कि उन्हें सेवा विस्तार भी मिल सकता है। गोयल पिछले आठ वर्ष से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ हैं। पहले मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव रहे फिर जून 2020 में अपर मुख्य सचिव बन गए। 

    कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता के अनुरूप जीरो टॉलरेंस, जीरो करप्शन, औद्योगिक विकास व आर्थिक विकास की नीतियों को धरातल पर उतारने पर पूरा जोर रहेगा। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप प्रदेश को विकास के पथ पर आगे ले जाने का प्रयास करूंगा। 

    मुख्य सचिव रहते मनोज कुमार सिंह ने जो आदर्श स्थापित किया है और जिस तीव्र गति से कई योजनाओं को लागू किया है उसी गति से मैं भी केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास करूंगा। प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के पूरे प्रयास किए जाएंगे। 

    प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों को समय पर व पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरा कराना सुनिश्चित किया जाएगा। प्रदेश को औद्योगिक हब बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे, जिससे प्रदेशवासियों को एक खुशहाल प्रदेश एवं युवाओं को एक बेहतर भविष्य मिल सके।

    इससे पहले मनोज कुमार ने नवनियुक्त मुख्य सचिव का स्वागत किया। पिछले वर्ष 30 जून को कार्यभार संभालने वाले मनोज कुमार ने कहा कि एक वर्ष से मैं मुख्य सचिव का कार्यभार देख रहा था। 

    इस दौरान मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में और सभी के सहयोग से बहुत बड़े-बड़े काम व आयोजन हुए हैं। इस अवसर पर प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री, गृह एवं सूचना संजय प्रसाद, प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम देवराज सहित अन्य कई अधिकारी भी उपस्थित रहे।

    आईआईडीसी का भी दायित्व संभालेंगे गोयल

    मुख्य सचिव के साथ ही एसपी गोयल अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (आईआईडीसी) का भी कार्यभार संभालेंगे। इसके साथ ही उनके पास अपर मुख्य सचिव समन्वय, अध्यक्ष पिकप, मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा एवं उपशा तथा परियोजना निदेशक यूपीडास्प का भी पदभार रहेगा। 

    उल्लेखनीय है कि मुख्य सचिव रहते मनोज कुमार सिंह भी आईआईडीसी का दायित्व संभाल रहे थे। गोयल के मुख्य सचिव बनने के बाद अब प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री संजय प्रसाद के पास वर्तमान पद के साथ ही प्रमुख सचिव राज्य संपत्ति एवं नागरिक उड्डयन का भी अतिरिक्त प्रभार रहेगा।