UP Politics: 'खाते ही नहीं मुख्यमंत्री भी हो रहे सीज', सपा मुखिया का BJP पर तंज, ध्यान भटकाने को तरह-तरह के हथकंडे अपना रही पार्टी
UP Political News In Hindi अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। सपा अध्यक्ष बोले दिल्ली के मुख्यमंत्री को न्यायालय से मिलेगा न्याय। जयंती पर डा.लोहिया को किया नमन उनके विचारों पर चलने का लिया संकल्प। चुनावी बांड के जरिये जब से भाजपा की वसूली का पता चला है तब से लोगों को ध्यान हटाने और छिपाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि भाजपा सरकार ने देश की संस्थाओं का दुरुपयोग किया है। भाजपा ने जनता का भरोसा खो दिया है। ईडी, सीबीआइ और इनकम टैक्स को लेकर काफी दिनों से बहस चल रही है।
सपा मुखिया ने शनिवार को समाजवादी चिंतक डा.राम मनोहर लोहिया की जयंती के मौके पर गोमतीनगर स्थित लोहिया पार्क में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि सुनने में आ रहा है कि जिस कंपनी ने दिल्ली में घोटाले का आरोप लगाया है भाजपा ने उससे भी चुनावी बांड के जरिये वसूली की है। हमें उम्मीद है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को न्यायालय से पूरा न्याय मिलेगा।
महापुरुषाें के विचारों पर आएगी खुशहाली
अखिलेश ने कहा कि सपा डा.लोहिया और बाबा साहेब डा.भीमराव आंबेडकर के बताए रास्ते और उनके विचारों पर चल रही है। आज की राजनीतिक परिस्थितियों में इन दोनों महापुरुषों के विचारों पर चलकर ही देश में खुशहाली लाई जा सकती है। समाजवादी लोग डा.लोहिया को याद कर रहे हैं और उनके विचारों पर चलने व उनके सपनों को पूरा करने का संकल्प लेते हैं।
खाते ही नहीं मुख्यमंत्री भी हो रहे सीज
अखिलेश ने शनिवार को एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि भाजपा मुद्दों का मुकाबला नहीं कर पा रही है। वह चुनाव हार चुकी है, इसलिए लोकतांत्रिक तरीके से लड़ाई लड़ने के बजाय पार्टियों के खाते सीज कर रही है। विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। खाते सीज करने से आगे बढ़कर अब तो भाजपा सरकार मुख्यमंत्री भी सीज कर रही है। वरिष्ठ नेता मो. आजम खां पर झूठे मुकदमे दर्ज कराए गए। वे पार्टी के बड़े नेता हैं। हम उनकी राय लेते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।