Panchayat Election 2026 : निगाहें '2027' पर...निशाना 'पंचायत चुनाव' पर, BJP के इस मंत्र से बढ़ेगी योगी की सियासी पावर
लखनऊ में भाजपा 2026 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव (Panchayat Election 2026) को 2027 के विधान सभा चुनाव का सेमीफाइनल मानकर तैयारी कर रही है। पार्टी संगठन को मजबूत करने और अधिक जिला पंचायत अध्यक्षों को जिताने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। पार्टी ग्राम प्रधान और क्षेत्र पंचायत सदस्यों के चुनाव में हस्तक्षेप नहीं करेगी और कार्यकर्ताओं को मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के लिए प्रोत्साहित किया है।

शोभित श्रीवास्तव, लखनऊ। Panchayat Election 2026 वर्ष 2027 के विधान सभा चुनाव से पहले 2026 में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को सेमीफाइनल मानते हुए भाजपा तैयारियों में जुट गई है। पार्टी इस चुनाव के लिए गांव-गांव संगठन को सक्रिय कर रही है। इसके लिए पार्टी ने 'पूर्व तैयारी-पूर्ण तैयारी' का मंत्र दिया है। महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह खुद तैयारियों पर नजर रख रहे हैं।
उन्होंने क्षेत्रवार इसकी समीक्षा भी शुरू कर दी है। पार्टी ने बूथ समिति, मंडल इकाई व शक्ति केंद्रों को सक्रिय कर ग्रामीण मतदाताओं तक पहुंचने की रणनीति बनाई है। प्रत्येक जिले में बैठकें कर कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव की महत्ता समझाई जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा की कोशिश अधिक से अधिक जिला पंचायत अध्यक्ष जिताने की है। चूंकि पंचायत चुनाव पार्टी के चुनाव चिह्न पर नहीं होते हैं, इसलिए पार्टी का फोकस केवल जिला पंचायत सदस्य के चुनाव पर ही रहेगा। ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के पद पर पार्टी हस्तक्षेप नहीं करेगी।
सर्वाधिक विवाद और रंजिश भी इन्हीं पदों के चुनाव में होती है। पार्टी के ज्यादातर कार्यकर्ता प्रधान या क्षेत्र पंचायत सदस्य बनना चाहते हैं। ऐसे में पार्टी किसी विवाद में नहीं पड़ेगी। पार्टी ने तय किया है कि प्रधान या क्षेत्र पंचायत सदस्य के पद पर पूर्व की भांति न किसी को लड़ाया जाएगा और न ही किसी को रोका जाएगा।
पार्टी ने हाल ही में बूथ समिति, मंडल इकाई व शक्ति केंद्र नए सिरे से गठित किए हैं, ऐसे में इनकी भी पहली परीक्षा पंचायत चुनाव होंगे। इन्हें यह समझाया जाएगा कि अच्छा प्रदर्शन जिनके क्षेत्र में होगा उनका कद पार्टी में बढ़ेगा। पंचायत चुनाव के मद्देनजर पार्टी की केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को मतदाता में तब्दील करने की कवायद की जाएगी।
मतदाता बनवाने के लिए घर-घर जाएंगे कार्यकर्ता
मतदाता पुनरीक्षण अभियान में भाजपा की बूथ कमेटी व बूथ लेवल एजेंट घर-घर जाकर मतदाता बनवाने का काम करेंगे। इनके पास मतदाता सूची की पूरी मैपिंग होगी। बूथ कमेटी के पास बूथ के एक-एक मतदाता की पूरी जानकारी होने के साथ ही यह उन मतदाताओं के नाम सूची से हटवाएगी जो अब इस दुनिया में नहीं रहे या गांव छोड़कर चले गए हैं।
पंचायत चुनाव एक नजर
- कुल ग्राम पंचायत- 57,694
- क्षेत्र पंचायत- 826
- जिला पंचायत- 75
यह भी पढ़ें- Panchayat Chunav 2026 : प्रधान जी ध्यान दें... पंचायत चुनाव मतदाता सूची पुनरीक्षण की तैयारी अंतिम चरण में
यह भी पढ़ें- वार्डों का पुनर्गठन पूरा... जिला पंचायत का एक, क्षेत्र पंचायत के 30 व ग्राम पंचायत के 256 वार्ड कम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।