यूपी के हर विकासखंड की एक सड़क हर्बल मार्ग, 175 मार्गों की करीब 875 किलोमीटर सड़कें चयनित
यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने लोक निर्माण विभाग की प्रयोगशाला में पौधारोपण किया। बोले ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करें ताकि पर्यावरण का संरक्षण किया जा सके। लोक निर्माण विभाग को 9 लाख 60 हजार पौधारोपित करने का लक्ष्य है वहीं 10 लाख से अधिक पौधारोपित किये जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ : उत्तर प्रदेश के हर विकासखंड में एक सड़क का चयन कर उसे हर्बल मार्ग के रूप में विकसित किया जा रहा है। 175 मार्गों की करीब 875 किलोमीटर सड़कों को हर्बल मार्ग के रूप में चयनित किया गया और वहां लगभग 34 हजार पौधे रोपित हुए। लोक निर्माण विभाग की कोशिश है कि कोरोना जैसी बीमारी से निजात दिलाने में सहायक उन हर्बल पौधों को लगाया जाए, जिनसे लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर हो और पर्यावरण का संतुलन भी बना रहे।
यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को लखनऊ स्थित लोक निर्माण विभाग की प्रयोगशाला में पौधारोपण किया। वह बोले, ज्यादा से ज्यादा पौधारोपण करें, ताकि पर्यावरण का संरक्षण किया जा सके। लोक निर्माण विभाग को 9 लाख 60 हजार पौधारोपित करने का लक्ष्य है, वहीं 10 लाख से अधिक पौधारोपित किये जाएंगे। विभाग ने सड़कों के किनारे ग्रीन पट्टी बनाकर उसे हर्बल मार्ग के रूप में विकसित करने की रणनीति बनायी है।
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि 15 अगस्त 2018 से हर्बल मार्ग बनाये जाने की महत्वाकांक्षी योजना चल रही है, जिसके तहत चयनित सड़कों के किनारे मासपर्णी, सप्तपर्णी, रतनजोत, जलनीम, छोटा नीम, सहजन, मेथा, लेमनग्रास, भृंगराज, मुई, आंवला, ब्राह्मी, तुलसी, अन्नतमूल, ग्वारपाठा, अश्वगंधा, हल्दी आदि के पौधे जो कई रोगों के निवारण में अत्यन्त उपयोगी हैं, रोपित किये जा रहे हैं। वर्ष 2018-19 में प्रदेश के सभी मंडलों में 187 किमी की सड़कों के किनारे लगभग सात हजार पौधे रोपित किए गए थे।
इन मंत्रियों ने रोपे पौधे : उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने रायबरेली जिले के बछरावां कस्बे में, प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व्यावसायिक शिक्षा व कौशल विकास विभाग कपिल देव अग्रवाल ने बिजनौर में, नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल ने पेपर मिल वार्ड, इंदिरा नगर वार्ड, शंकरपुरवा वार्ड और लाल बहादुर शास्त्री वार्ड में, वित्त, संसदीय कार्य व चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने कुकरैल रेंज के अंतर्गत सुगामऊ वन ब्लाक में पंचवटी के रूप में पीपल, बरगद, आंवला, बेल एवं अशोक के पौधों का रोपण किया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।