Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Lucknow News : लखनऊ की कुकरैल नदी में दो बच्चे डूबे, एक को बचाया, आठ घंटे बाद मिला दूसरे का शव

    Updated: Sun, 03 Aug 2025 02:37 PM (IST)

    Kukrail River Lucknow राहत कार्य शुरू होने से पहले ही महानगर और इंदिरानगर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। अधिकारियों की फटकार के बाद महानगर पुलिस और नगर निगम की टीम ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। दो घंटे रेस्क्यू के बाद एसडीआरएफ को भी बुलाया गया।

    Hero Image
    कुकरैल नदी में दो बच्चे डूबे, एक को बचाया, आठ घंटे बाद मिला दूसरे का शव

    जागरण संवाददाता, लखनऊ : बारिश के दौरान शनिवार को कुकरैल नदी में नहाने उतरे दो बच्चे जल स्तर बढ़ने से डूबने लगे। एक बच्चा तो किसी तरह निकल आया, लेकिन दूसरा तेज बहाव के चलते नदी में डूब गया।

    बैरल नंबर 12 के पास से सर्च आपरेशन में शनिवार देर रात बच्चे का शव बरामद हुआ। राहत कार्य शुरू होने से पहले ही महानगर और इंदिरानगर पुलिस सीमा विवाद में उलझी रही। अधिकारियों की फटकार के बाद महानगर पुलिस और नगर निगम की टीम ने गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू की। दो घंटे रेस्क्यू के बाद एसडीआरएफ को भी बुलाया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सूचना के बाद महापौर सुषमा खर्कवाल भी मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए। पुलिस ने बताया कि जो बच्चा नदी में बहा है वह 14 वर्षीय रिजु हामिद है और पंत नगर का रहने वाला है। रिजु अपने दोस्त साहिल के साथ शाम करीब साढ़े चार बजे बारिश के दौरान मेरिडियन स्कूल के सामने कुकरैल नदी में नहाने गया था।

    अचानक पानी का बहाव बढ़ गया

    साहिल ने बताया कि नहाते समय अचानक पानी का बहाव बढ़ गया। तभी रिजु का हाथ पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन वह गहरे पानी में चला गया। खुद को बचाने के लिए मुझे उसका हाथ छोड़ना पड़ा। पानी से निकलकर घर गया और माता-पिता को बताया। घटना की जानकारी मिलते परिवारजन मौके पर पहुंचे।

    वहीं, महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर आयुक्त गौरव कुमार समेत अन्य अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने रेस्क्यू आपरेशन की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के आदेश दिए। नगर आयुक्त ने भी आवश्यक निर्देश दिए हैं। इस दौरान विधायक ओपी श्रीवास्तव भी पहुंचे उन्होंने बताया कि जलकल विभाग का नाला था।

    शव देख बदहवास हुए परिवारजन

    घटना के बाद बच्चे के परिवारजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होने बताया कि बेटा बिना बताए बंधे पर आ गया। अगर थोड़ा सा भी एहसास होता की बच्चा हादसे का शिकार हो जाएगा तो उसे घर से ही नहीं निकलने देते। शव देख परिवार के लोग भी बदहवास हो गए। उन्होंने लापरवाही के भी आरोप लगाए हैं। चश्मदीदों ने बताया कि जिस जगह बच्चा डूबा था उसके करीब 200 मीटर दूर ही शव मिला है। एसडीआरएफ, पुलिस और नगर निगम के गोताखोरों ने शव को नदी से बाहर निकाला।