UP News: जनसत्ता दल की कमान फिर राजा भैया के हाथ, पंचायत चुनाव में उतरने का ऐलान
रघुराज प्रताप सिंह फिर से जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए। उन्होंने कहा कि वे एक महीने में प्रदेश स्तर तक संगठन को मजबूत करेंगे और पंचायत चुनाव में अपने उम्मीदवार उतारेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांवों में संगठन को मजबूत करने की अपील की। रघुराज ने राष्ट्रवाद का समर्थन करते हुए कहा कि देश आतंकवाद और भ्रष्टाचार से जूझ रहा है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। रघुराज प्रताप सिंह को एक बार फिर सर्वसम्मति से जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने घोषणा की कि एक माह के भीतर प्रदेश, ब्लाक तथा बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकारिणी की घोषणा की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी अपने दम पर राज्य में पंचायत चुनाव में भाग लेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांवों में संगठन को और मजबूत करने की अपील की। राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए झांसी के जिलाध्यक्ष डा. मधुपाल सिंह ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से कार्यसमिति ने मंजूरी दे दी ।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सोमवार को पार्टी की वार्षिक कार्यसमिति की बैठक में उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता तैयार रहें इस बार पंचायत चुनाव में सभी सीटों पर पार्टी अपने उम्मीदवार उतारेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में देश आतंकवाद व भ्रष्टाचार जैसे संकट से जूझ रहा है। हम सभी के लिए देशहित सर्वोपरि है।
जनप्रतिनिधि को जनता के बीच में ही रहना चाहिए। जनप्रतिनिधि का व्यवहार चुनाव के बाद भी बदलना नहीं चाहिए, बल्कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करते रहना चाहिए। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा कि धीरेन्द्र शास्त्री राष्ट्रवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। इसलिए वह उनका समर्थन करते हैं। हम सभी को एकजुट होकर राष्ट्रवाद को बढ़ावा देना होगा।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार किया। प्रदेश अध्यक्ष विनोद सरोज ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से तैयारी शुरू करनी होगी। इसके लिए जरूरी है कि गांव स्तर तक संगठन को मजबूत बनाया जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।