Lucknow News: मर्चेंट नेवी अफसर की पत्नी ने फंदे से लटककर दी जान, पति पर दहेज प्रताड़ना का आरोप
लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में मधु सिंह नामक एक नवविवाहिता ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार ने पति अनुराग सिंह पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पिता फतेहबहादुर सिंह ने बताया कि शादी के बाद से ही अनुराग मधु को प्रताड़ित करता था और दहेज की मांग करता था।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के ओमेक्स वाटर स्केप्स स्थित फ्लैट में 30 वर्षीय नवविवाहिता मधु सिंह ने सोमवार को अपने फ्लैट में फंदे से लटककर जान दे दी। पति अनुराग सिंह मर्चेंट नेवी में सेकेंड अफसर हैं। वह 10 दिन पहले ड्यूटी से वापस घर लौटे हैं। परिवार ने दहेज प्रताड़ना के आरोप में सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तहरीर दी है।
मूलरूप से अमेठी निवासी फतेहबहादुर सिंह वर्तमान में लखनऊ के इंदिरानगर में रहते हैं। उन्होंने बेटी मधु की शादी उन्नाव के पुरवा निवासी अनुराग सिंह से इसी वर्ष 25 फरवरी को की थी। उनका आरोप है कि शादी के बाद से अनुराग उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे। पिता के मुताबिक, होली के दौरान अनुराग ने दहेज को लेकर पत्नी से मारपीट की थी। परिवार ने जब दहेज की मांग पूरी कर दी तो अनुराग पत्नी मधु को मायके से ले गए।
इसके बावजूद वह मधु को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि इस बीच मधु गर्भवती भी हो गई, लेकिन अनुराग ने उनका गर्भपात करा दिया। परिवार ने अनुराग के अन्य महिलाओं से नजदीकियों के भी आरोप लगाए हैं। पिता का कहना है कि सोमवार की शाम अनुराग ने सूचना दी कि मधु ने घर में आत्महत्या कर ली है। उन्होंने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में तहरीर देकर दहेज प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। इंस्पेक्टर उपेंद्र सिंह ने तहरीर मिलने से इनकार करते हुए बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।