'प्रचार में व्यस्त है सरकार, जनता बाढ़ से जूझ रही', अखिलेश का BJP पर हमला, बोले- स्वास्थ्य सेवाएं भी ठप
अखिलेश यादव ने बाढ़ प्रबंधन में सरकार को विफल बताया है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रचार में व्यस्त है जनता बाढ़ से जूझ रही है। प्रयागराज और वाराणसी समेत कई जिलों में लोग परेशान हैं घरों में पानी भर गया है भोजन और पानी की कमी है। स्वास्थ्य सेवाएं ठप हैं और बिजली न होने से खतरा बढ़ गया है। स्मार्ट सिटी योजना भी विफल रही।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार को बाढ़ प्रबंधन में पूरी तरह फेल बताते हुए तीखा हमला बोला है। कहा कि सरकार सिर्फ प्रचार में व्यस्त है, जबकि जनता बाढ़ और बदहाली से जूझ रही है।
प्रयागराज और वाराणसी समेत करीब दो दर्जन जिलों में बाढ़ की वजह से लोग बेहद खराब हालात में हैं। गली-मोहल्लों में नाव चल रही है, घरों में पानी भर गया है। भोजन और पीने के पानी की भारी कमी है। बीमार, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं और बच्चे इलाज के लिए परेशान हैं।
स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह ठप हैं। स्कूलों का मर्जर पहले ही बच्चों की पढ़ाई पर असर डाल रहा था, अब बाढ़ ने स्थिति और बिगाड़ दी है। उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में बिजली नहीं है, करंट लगने का खतरा बना हुआ है। लोग ऊपरी मंजिलों में रहने को मजबूर हैं, मकान गिरने का डर है।
मोबाइल चार्ज न होने से लोगों का एक-दूसरे से संपर्क भी टूट गया है। आरोप लगाया कि मंत्री और अधिकारी केवल औपचारिकता निभा रहे हैं। स्मार्ट सिटी योजना के नाम पर प्रयागराज और वाराणसी में 20-20 हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए गए, लेकिन नतीजा शून्य है। हर जगह गड्ढे और जलभराव है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।