आउटसोर्सिंग महिला कर्मचारी से निजी सचिव ने की छेड़खानी, मंत्री असीम अरुण खुद पुलिस बुलाकर कराया गिरफ्तार
लखनऊ के गोमतीनगर में समाज कल्याण विभाग के मुख्यालय में एक आउटसोर्सिंग महिला कर्मचारी ने मंत्री के निजी सचिव पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मंत्री असीम अरुण से लिखित शिकायत की जिसके बाद पुलिस ने आरोपी निजी सचिव को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता का आरोप है कि निजी सचिव कई दिनों से उससे छेड़खानी कर रहा था।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। गोमतीनगर स्थित समाज कल्याण विभाग के मुख्यालय में आउटसोर्सिंग महिला कर्मचारी से मंत्री के निजी सचिव ने छेड़खानी की और विरोध पर धमकाने लगे। पीड़िता ने इसकी लिखित शिकायत विभाग के मंत्री असीम अरुण से की। उन्होंने गोमतीनगर पुलिस को बुलाकर आरोपित निजी सचिव को गिरफ्तार करवा दिया। पीड़िता कई वर्षों से समाज कल्याण विभाग में आउट सोर्सिंग कर्मचारी के रूप में काम कर रही हैं। उसी विभाग में निजी सचिव जय किशन सिंह भी तैनात है।
आरोप है कि कई दिनों से वह पीड़िता से छेड़खानी कर रहा था। बीती 28 जुलाई को जय किशन ने पीड़िता को अकेला पाकर छेड़खानी की, विरोध पर नौकरी से निकालने और जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने डर के कारण किसी से शिकायत नहीं की। गुरुवार को मंत्री असीम अरुण दफ्तर पहुंचे। पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और मामले की लिखित शिकायत मंत्री से की। मामले की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने विभागीय लोगों से जानकारी हासिल की।
आरोप सही मिलने पर उन्होंने तत्काल इंस्पेक्टर गोमतीनगर बृजेश चंद्र त्रिपाठी को बुलाकर पीड़िता की शिकायती पत्र दे दिया। साथ ही आरोपित जय किशन सिंह को मौके से पकड़ाकर थाने भिजवाया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।