Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Flood in UP: 17 जिलों के 402 गांव बाढ़ की चपेट में, लाखों की आबादी प्रभावित; योगी के 11 मंत्री ग्राउंड पर

    Updated: Sun, 03 Aug 2025 10:23 PM (IST)

    उत्तर प्रदेश के 17 जिलों में बाढ़ से भारी तबाही हुई है जिसमें 402 गांव और हजारों हेक्टेयर भूमि प्रभावित है। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें बचाव कार्य में जुटी हैं और सरकार राहत सामग्री वितरित कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 11 मंत्रियों को राहत कार्यों का निरीक्षण करने के लिए भेजा है ताकि पीड़ितों को तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।

    Hero Image
    17 जिलों के 402 गांव बाढ़ की चपेट में।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश के 17 जिलों की 37 तहसीलें और 402 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। राज्य में 4,015 हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल बाढ़ की चपेट में है।

    बाढ़ प्रभावित जिलों में कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाजीपुर, मीरजापुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर शामिल हैं।

    राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी के जवान लगातार बचाव और राहत कार्यों में लगे हुए हैं। इन प्रभावित क्षेत्रों में 493 नावों और मोटरबोट की सहायता से राहत सामग्री पहुंचाई जा रही है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अब तक 6,536 खाद्यान्न पैकेट और 76,632 लंच पैकेट बांटे गए हैं। 29 लंगर के जरिये पीड़ितों को भोजन की सुविधा दी जा रही है। 905 बाढ़ शरणालयों में 11,248 लोगों को रखा गया है। 2,759 मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया है। साथ ही 500 क्विंटल भूसा भी बांटा गया है।

    बाढ़ की चपेट में आने से 343 लोगों के मकानों को नुकसान पहुंचा है। इनमें से 327 लोगों को सहायता राशि दी जा चुकी है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जलजनित संक्रामक रोगों से बचाव के लिए 1,29,571 क्लोरीन टेबलेट और 37,089 ओआरएस पैकेट भी बांटे गए हैं। अब तक बाढ़ से प्रभावित 84,392 लोगों में से 47,906 लोगों तक सरकार ने सहायता पहुंचाई है।

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकार के 11 मंत्रियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में उतार दिया है। मंत्री प्रभावित क्षेत्रों में जाकर राहत कार्यों का निरीक्षण कर रहे हैं। मुख्यमंत्री स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चल रहे राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।

    मंत्रियों ने किया निरीक्षण

    मुख्यमंत्री के निर्देश पर 11 मंत्रियों की टीम बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों के निरीक्षण के लिए पहुंच गई है। आयुष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु ने बलिया, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने जालौन और हमीरपुर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया।

    राज्य मंत्री संजय गंगवार भी जालौन में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचे। मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने इटावा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत सामग्री बांटी। प्रयागराज में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ''''नंदी'''' ने बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की और उन्हें राहत सामग्री बांटी।

    मंत्री ने नाव से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक व पूर्व मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने कोनिया और राजघाट में बाढ़ग्रस्त घरों तक राहत सामग्री पहुंचाई।

    इसके अलावा मीरजापुर व बांदा, स्वतंत्र देव सिंह और प्रतिभा शुक्ला को औरैया, रामकेश निषाद को हमीरपुर, जयवीर सिंह को आगरा, सुरेश खन्ना को वाराणसी, संजय निषाद को कानपुर देहात, अजीत पाल को फतेहपुर में बाढ़ राहत कार्यों के निरीक्षण की जिम्मेदारी दी गई है।