Modi Sarkar Ke 11 Saal: यूपी में आज से 10 दिन तक चलेगा 'विकसित भारत' महाअभियान, क्या कुछ होगा खास?
Modi Government | PM Modi 11 Saal | मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर भाजपा 10 से 21 जून तक प्रदेशव्यापी अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पत्रकार वार्ता करेंगे। जिलों में सरकार की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी प्रबुद्ध समागम और डिजिटल प्रतियोगिताएं होंगी। मंडल स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा और शक्ति केंद्रों पर चौपाल आयोजित की जाएंगी। आयुष्मान योजना के कैंप लगाए जाएंगे।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। केंद्र की मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने के मौके पर 10 से 21 जून तक प्रदेशव्यापी अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान विकसित भारत का अमृतकाल एवं सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्षों पर केंद्रित होगा।
पहले दिन मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाजपा प्रदेश मुख्यालय में इस संदर्भ में पत्रकार वार्ता करेंगे और प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। सभी जिलों में केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी, प्रबुद्ध समागम होगा व इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय लोगों के लिए डिजिटल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। मंडल स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन होगा व शक्ति केंद्रों पर चौपाल आयोजित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री की प्रेस कान्फ्रेंस के बाद जिला स्तर पर 11 व 12 जून को प्रेस कान्फ्रेंस होंगी जिसे भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, सरकार के मंत्री या सांसद संबोधित करेंगे। जिलों में 10 व 11 जून को प्रबुद्ध समागम होगा जिसमें तीन वक्ता अलग-अलग विषयों पर बोलेंगे।
इन विषयों में विकसित भारत की संकल्पना एवं हमारी भूमिका, सेवा सुशासन और गरीब कल्याण के 11 वर्ष तथा सशक्त भारत-सुरक्षित भारत शामिल हैं। इसके वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी अपलोड किए जाएंगे। इंटरनेट मीडिया से जुड़े लोगों के लिए डिजिटल प्रतियोगिता ‘बदलता भारत मेरा अनुभव’ विषय पर कराई जाएगी। माईजीओवी (myGov) पोर्टल पर जाकर शार्ट वीडियो, ब्लाग व क्विज में हिस्सा ले सकेंगे।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी व प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सोमवार को वर्चुअल बैठक कर इस आयोजन की तैयारियों को परखा। इस अभियान के तहत विश्व योग दिवस पर 21 जून को मंडल स्तर पर योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। महामंत्री धर्मपाल सिंह नेे बताया कि 12 से 14 जून तक मंडल स्तर पर विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान उपस्थित लोगों को विकसित भारत के लिए संकल्प दिलाने के साथ ही संकल्प की प्रति भी भेंट की जाएगी। शक्ति केंद्रों पर चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगरीय क्षेत्रों में मोहल्ला चौपाल और पंचायतों में ग्राम चौपाल का आयोजन होगा। इसमें आयुष्मान योजना के कैंप लगाए जाएंगे जिसमें 70 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों का पंजीकरण कराने के साथ ही उन्हें आयुष्मान कार्ड वितरित किया जाएगा।
यहां उपस्थित लोगों को विकसित भारत का संकल्प दिलाया जाएगा। प्रत्येक चौपाल में पांच लाभार्थियों के अनुभव का वीडियो रिकार्ड कर उसे इंटरनेट मीडिया पर अपलोड किया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता मोदी सरकार की 11 वर्ष की उपलब्धियों से जुड़े साहित्य घर-घर पहुंचाएंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।