UP News: मंडल मुख्यालयों पर खुलेंगे दिव्यांग पुनर्वास केंद्र, सीएम योगी ने दिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश
लखनऊ में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए योगी सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। राज्य के 38 जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्रों के साथ-साथ अब 18 मंडल मुख्यालयों पर भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इस संबंध में एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं ताकि दिव्यांगों को शिक्षा कौशल विकास और पुनर्वास जैसी सुविधाएँ स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। दिव्यांगों के सशक्तीकरण के लिए चल रहे 38 जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्रों (डीडीआरसी) के साथ अब 18 मंडल मुख्यालयों पर भी इन केंद्रों की स्थापना की कसरत तेज होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसके लिए कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि दिव्यांगजन के कल्याण को प्राथमिकता दी जाए और पहले से स्थापित केेंद्राें का संचालन पूरी क्षमता के साथ किया जाए।
सोमवार को मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की डीडीआरसी योजना की समीक्षा की। निर्देश दिए कि मंडल मुख्यालयों पर दिव्यांग पुनर्वास केंद्रों की स्थापना का काम प्राथमिकता पर आगे बढ़ाया जाए। दिव्यांगों को पुनर्वास, शिक्षा और कौशल विकास से संबंधित सेवाएं स्थानीय स्तर पर ही सुलभ कराई जाएं। वर्तमान में संचालित डीडीआरसी में दिव्यांगों को स्वास्थ्य सेवाएं, कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण और कौशल प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
पिछले दिनाें वर्तमान में संचालित 38 केंद्रों का संचालन राज्य सरकार के संसाधनों से करने पर सहमति बनी थी। इसके लिए 12 करोड़ रुपये खर्च किया जाना प्रस्तावित है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कश्यप ने बताया कि मुख्यमंत्री ने दिव्यांग पुनर्वास केंद्रों की स्थापना को लेकर विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए हैं। कार्ययोजना तैयार कर जल्द ही केंद्रों की स्थापना की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।