UP Flood: बाढ़ के पानी ने लीले अब तक 517 घर, CM योगी आदित्यनाथ ने औरैया-आगरा का किया हवाई सर्वेक्षण
उत्तर प्रदेश में बाढ़ का कहर जारी है जिससे 24 जिले प्रभावित हैं। औरैया और आगरा में बाढ़ का पानी घुसने से स्थिति गंभीर हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हवाई सर्वेक्षण कर राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। अब तक हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और राहत शिविरों में रखा गया है।

राज्य ब्यूरो, ब्यूरो। प्रदेश में बाढ़ का प्रकोप 24 जिलों तक पहुंच गया है। मंगलवार को औरैया और आगरा के कई ग्रामीण इलाकों में बाढ़ का पानी घुस गया। अब प्रदेश के 24 जिले, 59 तहसीलें और 1245 गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बाढ़ की विभीषिका को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाढ़ प्रभावित औरैया और आगरा का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने औरैया पहुंच कर प्रशासन को राहत कार्यों में तेजी लाने, आपदा प्रभावितों को सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मंत्रियों ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करके राहत कार्यों का निरीक्षण किया।
मंगलवार को देर शाम तक कुल 33,252 हेक्टेयर क्षेत्रफल का इलाका बाढ़ की चपेट में रहा। इससे 2,06,910 लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक बाढ़ शरणालय में 41,802 लोगों को पहुंचाया गया है। वहीं 50,491 लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। मंगलवार को 12 और मकान बाढ़ की चपेट में आ गए। अब तक कुल 517 मकान बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इनमें से 360 को मदद पहुंचाई गई है। 26089 पशुओं को भी अब तक बचाया जा चुका है।
उधर उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रयागराज में बाढ़ राहत शिविर में आपदा प्रभावित लोगों से मुलाकात की। प्रयागराज व कौशांबी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जल निकासी, स्वच्छता व अन्य समस्याओं के समाधान का निर्देश अधिकारियों को दिया।
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भदोही में बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले पांच लोगों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये का चेक दिया। वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना, विधायक डा. नीलकंठ तिवारी ने गोपी राधा इंटर कालेज रवींद्रपुरी और प्राथमिक कन्या विद्यालय नगवां का निरीक्षण किया। कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता नंदी ने मीरजापुर के जिला पंचायत सभागार में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, राहत शिविरों एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की।
बाढ़ से ये जिले हैं प्रभावित
बिजनौर, बहराइच, लखीमपुर खीरी, गोंडा, भदोही, चंदौली, चित्रकूट, इटावा, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, हमीरपुर, जालौन, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कासगंज, मीरजापुर, प्रयागराज, बलिया, बांदा, वाराणसी, आगरा, औरैया।
यह भी पढ़ें- सीएम योगी ने अलीगढ़ में स्वदेशी के आह्वान को दी मजबूती, कहा- विदेशों में पैसा गया तो आतंकवाद और धर्मांतरण बढ़ेगा
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।