Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सीएम योगी ने अलीगढ़ में स्वदेशी के आह्वान को दी मजबूती, कहा- विदेशों में पैसा गया तो आतंकवाद और धर्मांतरण बढ़ेगा

    Updated: Tue, 05 Aug 2025 08:53 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वदेशी को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर दिया क्योंकि इससे देश का धन देश में ही रहेगा और विकास होगा। उन्होंने विदेशी सामान खरीदने से होने वाले नुकसानों के बारे में भी बताया जैसे कि आतंकवाद को बढ़ावा मिलना। अलीगढ़ में 958 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।

    Hero Image
    नुमाइश मैदान में जनसभा को संबोधित करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।- जागरण

    जागरण टीम, अलीगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वदेशी को जीवन का हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए कहा कि इससे हमारी मेहनत का पैसा हमारे घर में ही रहेगा। पैसा अपने कारीगर, हस्तशिल्पियों के पास जाएगा तो विकास का आधार बनेगा। प्रतिव्यक्ति आय बढ़ाने में निर्णायक भूमिका का निर्वहन करेगा। विदेशी सामान खरीदने से हमारा पैसा आतंकवाद और अस्थिरता को बढ़ावा देता है। जब हम विदेशी सामान खरीदते हैं तो उसका मुनाफा आतंकवाद, धर्मांतरण और देशविरोधी ताकतों को मिलता है। यह पैसा देश को अस्थिर करने में प्रयोग किया जाएगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    स्वदेशी उत्पादों को अपनाना और इसे बढ़ावा देना आज की जरूरत है। इसी से हम अपने राष्ट्र को मजबूत कर सकते हैं। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए सीएम ने लोगों से अपने स्वजनों को स्वदेशी उत्पादों को उपहार में देने की अपील की।

    अलीगढ़ के बाद मुख्यमंत्री ने आगरा में विकास प्राधिकरण की 1515.47 करोड़ रुपये की 138 हेक्टेयर में विकसित हो रही अटलपुरम टाउनशिप को लांच किया। मंगलवार को अलीगढ़ के नुमाइश मैदान में मुख्यमंत्री ने 958 करोड़ की विकास की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना कहा, बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। ये लोग विकास में बाधक हैं।

    उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फार लोकल’ अभियान को दोहराते हुए स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील की। कहा, स्वदेशी भारत की स्वाधीनता का आधार बना था। पहले कोई पर्व या त्योहार आता था तो चीन के सामान छा जाते थे। 2018 के बाद एक जनपद एक उत्पाद की योजना लागू होने पर हस्तशिल्पियों ने मार्केट की मांग के अनुसार आइटम बनाने प्रारंभ किए। इससे प्रदेश की पहचान बनाने के साथ हर जनपद ने अपनी नई पहचान बनाई। मांग पर हमारे कारीगर कार्य करते हैं। युवाओं को रोजगार मिलता है। पैसे से समृद्धि आती है। यह परिवार तक सीमित नहीं होती, बाजार तक जाती है। समाज, प्रदेश और देश के विकास में काम आती है। विदेशी आइटम खरीदने पर मुनाफा विदेशी हाथों में जाता है।

    सरकारी नौकरी किसी की बपौती नहीं हाल ही में हुई पुलिस भर्ती की चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि 2017 से पहले कोई नौकरी निकलती थी तो एक परिवार के सभी लोग वसूली करने निकल पड़ते थे। युवाओं का शोषण, प्रदेश का नुकसान होता था। अयोग्य लोग जबर्दस्ती घुसेड़ दिए जाते थे। दंगे-गुंडागर्दी होती थी। अराजकता के चलते निवेश नहीं होता था। सरकारी नौकरी किसी की बपौती नहीं है। कानून व्यवस्था बेहतर होती है तो निवेश भी होता है। यह हमारे सामने है। कानून के साथ किसी को भी खिलवाड़ करने की छूट नहीं मिलनी चाहिए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के शौर्य और पराक्रम का परिचय अभी हाल ही में आपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने और दुनिया ने देखा है। भारत की सेना ने दुश्मन की मांद में घुसकर पाकिस्तान को नाकों चने चबाने को मजबूर कर दिया। आपरेशन सिंदूर ने मेक इन इंडिया के उस संकल्प को भी साकार किया है, जो आज दुनिया देख रही है। अब तो ब्रह्मोस मिसाइल भी उत्तर प्रदेश में बनने लगी हैं। इसी के भय ने पाकिस्तान को पसीने-पसीने कर दिया।

    अलीगढ़ के मेयर पर भड़के सीएम योगी

    शहर की ध्वस्त पड़ी सफाई व्यवस्था और प्लाटों में भरी गंदगी पर सीएम योगी आदित्यनाथ भड़क गए। मेयर प्रशांत सिंघल से पूछा कि शहर का क्या हाल बना दिया है? इतना पैसा दिया जा रहा है, उसका कैसे इस्तेमाल हो रहा है? सफाई तक ढंग से नहीं हो रही। कूड़े ढेर लगे हैं। मेयर को गाजियाबाद से सीख लेने की नसीहत देते हुए बोले, अपनी नाक तो कटवा ही ली, संगठन की भी कटवा दी। नाला निर्माण, जवाहर पार्क में हुए कार्यों की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। इनकी जांच कराकर ठेकेदार व जिम्मेदारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। स्मार्ट सिटी के कार्यों की भी जांच कराने के निर्देश दिए।

    जलभराव और जाम से निजात को बनाएं योजना

    आगरा में मुख्यमंत्री ने मंडल के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक में विकास का रोडमैप खींचा। मुख्यमंत्री ने कहा सरकार के पास बजट की कोई कमी नहीं है। जलभराव और जाम से निजात के लिए योजनाएं बनाएं। सवा घंटे तक चली बैठक में दो दिन में सभी जनप्रतिनिधियों से सड़कों, फ्लाईओवर, बाइपास सहित अन्य के निर्माण का प्रस्ताव मांगा। वर्षा से खराब हुई सड़कों का सर्वे और अभियान चलाकर गड्ढों को भरने पर भी जोर दिया।

    यह भी पढ़ें- Meerut: तड़के साढ़े तीन बजे उठे CM, सादे भोजन, भजन और योग से सर्किट हाऊस के कर्मियों को बनाया अपना मुरीद