Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Lok Sabha Elections 2024: बीजेपी यूपी में रिकार्ड संख्या में लोकसभा सीटें जीतेगी, पार्टी पदाधिकारियों से बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

    By Rajeev Dixit Edited By: Siddharth Chaurasiya
    Updated: Wed, 21 Feb 2024 04:40 AM (IST)

    भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा ने मंगलवार को पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि लोकसभा चुनाव में हमें यूप ...और पढ़ें

    Hero Image
    बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पार्टी संगठन ने लोकसभा चुनाव जीतने के लिए अच्छी योजना बनाई है।

    राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा ने मंगलवार को पार्टी पदाधिकारियों से कहा कि लोकसभा चुनाव में हमें यूपी में सभी 80 सीटें जीतने का रिकार्ड बनाना है। यदि हम ऐसा नहीं कर पाए तो खुद के साथ अन्याय करेंगे क्योंकि लोकसभा चुनाव जीतने के लिए भाजपा के लिए इससे बेहतर माहौल हो ही नहीं सकता। वह भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रहे थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उत्तर प्रदेश का चुनाव प्रभारी बनाए जाने के बाद पांडा विगत 14 फरवरी को भाजपा के राज्य सभा प्रत्याशियों के नामांकन के लिए लखनऊ आए थे, लेकिन तब वह पार्टी पदाधिकारियों के साथ विस्तार से बैठक नहीं कर पाए थे। मंगलवार को हुई बैठक में उन्होंने पार्टी के सभी प्रदेश पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों और समस्त मोर्चों के प्रदेश अध्यक्षों से परिचय प्राप्त किया। पांडा ने कहा कि आज पूरा देश मोदी मय है। जनता को मोदी की गारंटी पर पूरा भरोसा है।

    वहीं, यूपी में योगी सरकार ने सुशासन और कानून का राज स्थापित किया है जिसकी सर्वत्र चर्चा हो रही है। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों का आह्वान किया कि पार्टी संगठन की योजनानुसार अगले 100 दिन हमें देश में फिर एक बार मोदी सरकार के संकल्प के साथ काम करना है। इसके लिए आवश्यक है कि हम हर बूथ पर जीत के लक्ष्य के साथ कार्य करें।

    यह भी पढ़ें: Gorakhpur: सीएम योगी कल लांच करेंगे गीडा की आवासीय टाउनशिप, 17 विकास परियोजनाओं की भी देंगे सौगात

    बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पार्टी संगठन ने लोकसभा चुनाव जीतने के लिए अच्छी योजना बनाई है। हम बूथ तक पहुंचे हैं। जनता से सतत् संपर्क व संवाद भाजपा की विजय का आधार है। इसलिए हमें प्रत्येक बूथ व घर और हर व्यक्ति तक संपर्क व संवाद के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएं तथा पार्टी की नीतियों को पहुंचाने का काम करना है। देश और प्रदेश का वातावरण हमारे पक्ष में है। पूरे देश का प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति अटूट विश्वास है। फिर भी हमें पूरी मेहनत और परिश्रम के साथ काम करते हुए प्रत्येक बूथ पर कम से कम 370 वोट बढ़ाने के लिए काम करना है। उन्होंने भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी को आश्वस्त किया कि इस बार पार्टी यूपी में रिकार्ड संख्या में लोकसभा सीटें जीतेगी।

    भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि हमें सबको पार्टी से जोड़ना है। उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं से जुड़े लाभार्थी वर्ग पर ध्यान केंद्रित करने के साथ दूसरे दलों के सदस्यों को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने के अभियान में तेजी लाने की हिदायत दी। यह कहते हुए कि दूसरे दलों के नेताओं को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराने में इस पर विशेष ध्यान दिया जाए कि पार्टी में दागियों-अपराधियों की एंट्री किसी कीमत पर न हो। वहीं, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने चुनाव प्रभारी को पार्टी की ओर से प्रदेश में अब तक चलाए गए अभियानों व कार्यक्रमों के साथ आगामी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक भी मौजूद थे।

    यह भी पढ़ें: टिकट को लेकर BJP में घमासान, भाजपा के बनाए नियम में ही उलझे छह बार के सांसद; दावेदारों से भी मिल रही कड़ी चुनौती

    कोर कमेटी की बैठक में राज्यसभा चुनाव पर चर्चा

    प्रदेश कार्यालय पर बैठक के बाद मंगलवार शाम मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर भाजपा कोर कमेटी की बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के अलावा बैजयंत जय पांडा, भूपेन्द्र सिंह चौधरी, धर्मपाल सिंह तथा दोनों उप मुख्यमंत्री भी मौजूद थे। सूत्रों के अनुसार बैठक में 27 फरवरी को प्रदेश में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा हुई। गौरतलब है कि रिक्त होने जा रहीं राज्यसभा की 10 सीटों के लिए भाजपा ने आठ और सपा ने तीन प्रत्याशी उतारे हैं। ऐसे में चुनाव में क्रास वोटिंग होने के आसार प्रबल हैं।