Election 2024: यूपी में दूसरे चरण की नामांकन प्रक्रिया हुई पूरी, कुल 91 प्रत्याशी मैदान में; तीन ने नाम लिया वापस
Lok Sabha Election 2024 लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो गई। उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर कुल 94 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था जिसमें से तीन ने अपना नामांकन वापस ले लिया है। मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से भाजपा के अरुण गोविल सहित आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अमरोहा सीट पर 12 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा।

जागरण टीम, लखनऊ। लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन वापसी की प्रक्रिया सोमवार को संपन्न हो गई। उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर कुल 94 उम्मीदवारों ने नामांकन किया था। नाम वापसी के अंतिम दिन मेरठ-हापुड़ सीट से एक और अलीगढ़ से दो प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। अब कुल 91 प्रत्याशी मैदान में हैं। अलीगढ़ लोकसभा सीट पर निर्दलीय समेत दो प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिए हैं। अब यहां 14 प्रत्याशी मैदान में हैं।
मेरठ-हापुड़ लोकसभा सीट से भाजपा के अरुण गोविल सहित आठ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। अमरोहा सीट पर 12 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। बागपत में सात, गाजियाबाद में 14, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर में छह प्रत्याशी 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। मथुरा से भाजपा प्रत्याशी फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी समेत 15 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
दूसरे चरण में 13 राज्यों की 89 सीटों के लिए चुनाव
दूसरे चरण में 26 अप्रैल को 13 राज्यों की 89 सीटों के लिए मतदान होगा। जिन राज्यों में मतदान होगा उनमें उप्र के अलावा असम की आठ, कर्नाटक की 14, बिहार की पांच, केरल की बीस, महाराष्ट्र की आठ, मणिपुर, त्रिपुरा व जम्मू-कश्मीर की एक-एक, बंगाल की तीन, छत्तीसगढ़ तीन, मध्य प्रदेश की सात और राजस्थान की 13 सीटें शामिल हैं। बिहार की पांच सीटों पर 50 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। इनमें सर्वाधिक 12-12 उम्मीदवार भागलपुर और किशनगंज में मुकाबला करेंगे, जबकि सबसे कम सात उम्मीदवार पूर्णिया में होंगे।
बांका एवं कटिहार के चुनावी रण में बचे उम्मीदवारों की संख्या क्रमशः: 10 एवं नौ रह गई। छत्तीसगढ़ में राजनांदगांव, कांकेर व महासमुंद सीटों के लिए प्रत्याशियों की संख्या 41 प्रत्याशी मैदान पर है, जबकि पांच ने अपना नाम वापस लिया है। बंगाल की तीन सीटों पर 48 प्रत्याशी मैदान में हैं। रायगंज से 21, दार्जिलिंग से 14 और बालुरघाट में 13 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। तीनों सीटों पर भाजपा, तृणमूल, कांग्रेस और बसपा ने प्रत्याशी उतारे हैं। बालुरघाट से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार दूसरी बार मैदान में हैं।
चुनाव प्रचार में आज से आएगी और तेजी
पहले दो चरणों के लोकसभा चुनाव के लिए रण पूरी तरह से तैयार हो चुका है। अभी तक के चुनाव प्रचार में भाजपा सबसे अधिक आक्रामक है। मंगलवार से नवरात्र शुरू हो गया है। विपक्षी दल सपा व कांग्रेस की अब चुनावी सभाएं व रैलियां शुरू होंगी। बसपा प्रमुख मायावती भी चुनावी सभाओं की शुरुआत 11 अप्रैल को नागपुर से कर रही हैं। इसके बाद यूपी में सभाएं करेंगी। चुनाव प्रचार के मामले में अभी तक विपक्षी गठबंधन आईएनडीआईए सबसे पीछे है। भाजपा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब तक मेरठ व सहारनपुर में दो बड़ी चुनावी रैलियां व गाजियाबाद में रोड शो कर चुके हैं।
पीएम मोदी से लेकर बीजेपी के दिग्गज चेहरे
नवरात्र के पहले दिन मंगलवार को पीलीभीत में प्रधानमंत्री की चुनावी सभा होने जा रही है। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी ताबड़तोड़ चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। वहीं, विपक्षी दल सपा व कांग्रेस ने अभी वृहद स्तर पर चुनाव प्रचार शुरू नहीं किया है।
दिखेगी अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जोड़ी
संयुक्त रैलियां शुरू करने से पहले सोमवार को सपा व कांग्रेस के बीच समन्वय समिति की बैठक हुई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी व सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की संयुक्त जनसभाएं कई स्थानों पर होंगी। सहारनपुर व मुजफ्फरनगर में संयुक्त रैली का कार्यक्रम बन रहा है। 10-11 अप्रैल से दोनों पार्टियों का प्रचार अभियान शुरू हो जाएगा। वहीं, सपा अपने बचे हुए 14 सीटों के टिकट भी नवरात्र में ही घोषित करेगी।
मायावती भी चुनाव प्रचार को देंगी धार
मायावती 11 अप्रैल को नागपुर से चुनावी सभाओं के बाद प्रदेश में सहानपुर में 13 को सभा करेंगी। 15 अप्रैल को मुरादाबाद में जनसभा का कार्यक्रम है। मायावती दो लोकसभा क्षेत्र को मिलाकर एक चुनावी सभा करेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।