Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    KGMU is NAAC A++ : किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी को मिला नैक ए प्लस प्लस ग्रेड

    Updated: Fri, 08 Aug 2025 09:51 PM (IST)

    KGMU is Now NAAC A++Grade University यह ऐतिहासिक उपलब्धि उस दिशा में एक बड़ा कदम है जिसकी नींव दो वर्ष पूर्व नौ अगस्त 2023 को प्रो. सोनिया नित्यानंद के कुलपति पद ग्रहण करने के साथ ही रखी गई थी। उस समय किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय को नैक से एक प्लस ग्रेड प्रदान किया गया था।

    Hero Image
    केजीएमयू को भी मिला नैक ए प्लस प्लस ग्रेड

    जागरण संवाददाता, लखनऊ : देश के साथ विदेश में भी विख्यात किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) ने शोहरत की एक और बुलंदी अपने नाम कर ली है। राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) से ए प्लस प्लस ग्रेड हासिल कर केजीएमयू ने इतिहास रच दिया है। इससे पहले संजय गांधी पीजीआई को नैक से ए प्लस प्लस ग्रेड मिला था।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    केजीएमयू यह उपलब्धि हासिल करने वाला लखनऊ का दूसरा विश्वविद्यालय है। इससे पहले लखनऊ विश्वविद्यालय (लवि) ने जुलाई 2022 में ए प्लस प्लस ग्रेड प्राप्त किया था। नैक ने शुक्रवार को परिणाम जारी किया। केजीएमयू को उत्कृष्ट 3.67 संचयी ग्रेड प्वाइंट औसत (सीजीपीए) प्रदान की गई है। यह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध कार्य एवं प्रशासनिक उत्कृष्टता का प्रतीक है।

    यह ऐतिहासिक उपलब्धि उस दिशा में एक बड़ा कदम है, जिसकी नींव दो वर्ष पूर्व नौ अगस्त 2023 को प्रो. सोनिया नित्यानंद के कुलपति पद ग्रहण करने के साथ ही रखी गई थी। उस समय किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय को नैक से एक प्लस ग्रेड प्रदान किया गया था। प्रो. नित्यानंद ने पदभार संभालते ही यह संकल्प लिया था कि विश्वविद्यालय को ए प्लस प्लस ग्रेड की ओर अग्रसर करना है।

    उन्होंने अपने दूरदर्शी नेतृत्व व अटूट समर्पण से यह सपना साकार कर दिखाया। इस सफलता के पीछे विश्वविद्यालय के सभी सदस्यों का अथक परिश्रम और समर्पण है। विशेष रूप से आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आइक्यूएसी) टीम के नेतृत्वकर्ता प्रो. राजीव गर्ग, प्रोफेसर अनीता रानी, प्रोफेसर शालिनी भल्ला एवं उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही। कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानंद ने इस सफलता के लिए किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी।

    उन्होंने कहा कि कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन एवं सहयोग से यह ऐतिहासिक उपलब्धि संभव हो सकी। केजीएमयू की यह उपलब्धि चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश के लिए गौरव का विषय है।

    पांच वर्षों के लिए मिला यह ग्रेड

    राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) ने केजीएमयू की कुलपति के नाम ए प्लस प्लस का परिणाम का पत्र जारी किया, जिसमें नैक के निदेशक ने कहा है कि यह ग्रेड पांच वर्ष की अवधि के लिए दिया जा रहा है। सात अंकों के पैमाने पर केजीएमयू को 3.67 सीजीपीए के साथ यह मान्यता दी गई है। निदेशक ने कहा है कि मान्यता का मूल प्रमाणपत्र नियत समय में संस्थान को भेज दिया जाएगा। संस्थान का मूल्यांकन परिणाम दस्तावेज पोर्टल पर उपलब्ध है।

    केजीएमयू ने लखनऊ विश्वविद्यालय के फार्मूले पर किया काम

    राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) से ए प्लस प्लस ग्रेड के लिए केजीएमयू ने लखनऊ विश्वविद्यालय (लवि) के फार्मूले पर काम किया। लवि के कुलपति प्रो. आलोक राय की मदद से तैयारी की। लखनऊ विश्वविद्यालय की तर्ज पर ही यहां भी टीमें बनाई गई थीं। राज्यपाल ने भी इस बारे में निर्देश दिए थे कि ग्रेड सुधारने के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय की मदद ली जाए। केजीएमयू को फरवरी 2023 में 3.36 अंक मिले थे। तब केजीएमयू एप्लस ग्रेड पाने वाला प्रदेश का पहला सरकारी चिकित्सा विश्वविद्यालय बना था। केजीएमयू के तत्कालीन कुलपति प्रोफेसर बिपिन पुरी के मार्गदर्शन में टीम ने भरसक प्रयास किया कि एप्लस प्लस ग्रेड मिल जाए, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। इससे पहले वर्ष 2017 में तत्कालीन कुलपति प्रो. रविकांत के कार्यकाल में नैक मूल्यांकन हुआ था।