विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Rain In UP: बारिश के कारण विश्वविद्यालयों और डिग्री कालेजों में भी अवकाश घोषित, कल भी वर्षा की चेतावनी

By Ashish Kumar TrivediEdited By: Umesh Tiwari
Published: Mon, 10 Oct 2022 09:37 PM (IST)

Universities And Colleges Closed Due To Rain In UP उच्च शिक्षण संस्थानों को बंद करने का आदेश काफी विलंब से ...और पढ़ें

Universities And Colleges Closed Due To Rain In UP
Universities And Colleges Closed Due To Rain In UP

Rain In UP: लखनऊ, राज्य ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा की संभावना को देखते हुए जिन जिलों में जिलाधिकारियों ने इंटरमीडिएट तक के स्कूलों में मंगलवार को भी छुट्टी घोषित की है, वहां अब विश्वविद्यालय और डिग्री कालेजों में भी अवकाश रहेगा। विशेष सचिव, उच्च शिक्षा मनोज कुमार की ओर से आदेश जारी किया गया है कि बारिश के कारण छुट्टी होने पर विश्वविद्यालय व कालेजों में भी अवकाश रहेगा।

छात्रों और शिक्षकों को परेशानी

दरअसल, रविवार से हो रही भारी बारिश को देखते हुए कई जिलों में सोमवार को जिलाधिकारियों द्वारा इंटरमीडिएट तक के स्कूल बंद करने का आदेश जारी किया गया था। वहीं विश्वविद्यालय व डिग्री कालेजों में अवकाश होने की कोई घोषणा न होने से विद्यार्थियों के साथ शिक्षकों और कर्मचारियों को मुसीबत का सामना करना पड़ा। जैसे-तैसे वह अपने-अपने संस्थान पहुंच सके।

विलंब से जारी हो सका आदेश

उधर, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों के पास भी छुट्टी को लेकर फोन घनघनाने लगे। ऐसे में सोमवार व मंगलवार को उच्च शिक्षण संस्थान भी बंद करने का आदेश काफी विलंब से जारी हो सका। ऐसे में तमाम उच्च शिक्षण संस्थान खुले भी। फिलहाल अब मंगलवार को जिले में डीएम द्वारा अवकाश घोषित किए जाने पर विश्वविद्यालय व डिग्री कालेज भी बंद रहेंगे।

अभी 13 तक वर्षा की चेतावनी

मौसम विभाग ने 13 अक्टूबर तक प्रदेश भर में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। तेज हवा, गरज और चमक के साथ बारिश के लिए चेतावनी भी जारी की गई है। सोमवार को राजधानी में 50.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इससे पहले 14 अक्टूबर 2014 को 41.3 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई थी। 2014 में अक्टूबर के महीने में 76.9 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इन दोनों रिकार्ड को बारिश ने 2022 में 10 दिनों में ही तोड़ दिया है। बीते 10 दिनों में राजधानी में 137.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो चुकी है।

इन जिलों में येलो अलर्ट जारी

मौसम विभाग के राज्य स्तरीय पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को श्रावस्ती, लखीमपुर खीरी, बहराइच, बांदा, प्रयागराज और चित्रकूट में गरज चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी है। इसके अलावा सिद्धार्थ नगर, संत कबीर नगर, गोरखपुर, मऊ, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, आजमगढ़, अंबेडकर नगर, बस्ती, बलरामपुर, गोंडा, फैजाबाद, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, अमेठी, बाराबंकी, रायबरेली, फतेहपुर, कौशांबी, अंबेडकर नगर, आजमगढ़, जौनपुर, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, मिर्जापुर, महोबा, जालौन, झांसी, ललितपुर, औरैया, इटावा, मैनपुरी, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, एटा, फिरोजाबाद, बदायूं, संभल, अमरोहा, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, मथुरा, हाथरस, आगरा में गरज चमक के साथ बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। 

यह भी पढ़ें : झांसी में बारिश का कहर, आकाशीय बिजली गिरने से 4 महिलाओं समेत 5 की मौत, कई झुलसे