Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Haridwar Stampede : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी के चार श्रद्धालुओं की मृत्यु पर व्यक्त किया गहरा शोक, दो-दो लाख की आर्थिक सहायता

    Updated: Sun, 27 Jul 2025 07:32 PM (IST)

    Haridwar Stampede-Four Died From UP मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से एक्स पर पोस्ट किया गया है कि हरिद्वार के श्री मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में श्रद्धालुओं के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और मन को व्यथित करने वाला है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं।

    Hero Image
    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने व्यक्त किया गहरा शाेक

    राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ : उत्तराखंड में हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़ में छह श्रद्धालुओं की मृत्यु पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। छह में से चार मृतक श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के हैं। मुख्यमंत्री ने इनके परिवार को अपनी शोक संवेदना प्रेषित की है और इनके आश्रितों को दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी देने की घोषणा की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से एक्स पर पोस्ट किया गया है कि हरिद्वार के श्री मनसा देवी मंदिर मार्ग पर हुई एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में श्रद्धालुओं के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक और मन को व्यथित करने वाला है। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं। अधिकारियों को उत्तराखंड सरकार से समन्वय स्थापित कर दुर्घटना में काल-कवलित हुए उत्तर प्रदेश के नागरिकों के पार्थिव शरीर उनके गृह जनपद पहुंचाकर परिवारीजनों को सौंपने के निर्देश दिए हैं। इस दुर्घटना में उत्तर प्रदेश के प्रत्येक मृतक के परिवार को उत्तर प्रदेश सरकार दो-दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

    दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में उत्तर प्रदेश में बरेली के शीशगढ़ के गांव सहोड़ा के दस 10 वर्षीय आरुष की मृत्यु हो गयी। वह मां निर्मला देवी, पिता पंकज कुमार और बहन छह वर्षीय सौम्या के साथ हरिद्वार गया था। उनकी मां निर्मला देवी और बहन हादसे में घायल हैं, उन्हें हरिद्वार के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    मनसा देवी मंदिर मार्ग पर दुर्घटना में रामपुर के बिलासपुर के ग्राम नगरिया कलां का मझरा के 20 वर्षीय विक्की सैनी पुत्र टीकाराम की मृत्यु हुई है। वह बाइक से तहेरे भाई सचिन के साथ डाक कांवड़ लेने के लिए शनिवार की रात नौ बजे हरिद्वार गया था। जहां मनसा देवी में भगदड़ के दौरान विक्की की मृत्यु हो गई।

    बाराबंकी में बड्डूपुर के मौलाबाद के वकील सिंह की भी मृत्यु हो गई है। वकील सिंह 25 जुलाई को अपनी पत्नी उर्मिला व गांव के 18 अन्य लोगों के साथ हरिद्वार के मंशा देवी मंदिर में दर्शन के लिए ट्रेन से गए थे। रविवार को भगदड़ में वकील सिंह की मौत हो गई, जबकि उर्मिला घायल हैं। राधिका पत्नी कन्हैया लाल, दुर्गावती पत्नी आशीष चौहान, धमरमऊ की फूलमती पत्नी राम नेवल आदि भी घायल हुए हैं। जिनका इलाज किया जा रहा है। बदायूं की श्रीमती शान्ति पत्नी श्री रामभरोसे की भी हरिद्वार के मंशा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़ के कारण हुई दुर्घटना में मृत्यु हो गई है।