यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 07, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जूते पर शक होते ही पकड़ा गया फर्जी दारोगा, पुलिस ने पूछा सवाल तो आई कार्ड दिखाकर जोड़ने लगा हाथ
पुलिस ने एक फर्जी दारोगा सोमिल सिंह को गिरफ्तार किया है जो सिपाही दोस्त की वर्दी पहनकर कार खरीदने जा ...और पढ़ें

HighLights
- खाकी वर्दी और कांधे पर लगे थे स्टार, लेकिन पहन रखे थे काले जूते
- काले जूतों से आशंका होने पर असली दारोगा ने नकली को पकड़ा
जागरण संवाददाता, लखनऊ। अयोध्या रोड मटियारी चौराहे से चिनहट पुलिस ने शनिवार दोपहर फर्जी दारोगा सोमिल सिंह को गिरफ्तार किया है। वह सिपाही दोस्त की वर्दी पहनकर, कांधे पर स्टार लगा कर कार खरीदने जा रहा था, लेकिन जूते काले ही पहने था। बाजू पर फित्ती नहीं लगी थी। यह देख असली दारोगा व चौकी प्रभारी जावेद ने उसे पकड़ लिया। दारोगा के जूते ब्राउन होते हैं, जबकि काले सिपाही के होते हैं। तलाशी में जाली आई कार्ड भी पुलिस को मिला है।
दारोगा जावेद ने पुलिस टीम के साथ आरोपी सोमिल को हिरासत में ले लिया और चिनहट थाने लेकर पहुंचे। वहां पूछताछ में उसके फर्जीवाड़े का राजफाश हुआ। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
चारबाग से खरीदे सुनहरे स्टार
एडीसीपी पूर्वी पंकज कुमार सिंह के मुताबिक, सोमिल सिंह बहराइच के रामगांव का रहने वाला है। उसने पूछताछ में बताया कि कैंट थाने में उसका एक मित्र सिपाही है। उसकी वर्दी चुपके से ले आया था।
चारबाग से सुनहरे रंग के स्टार खरीदे और फिर कांधे पर लगाकर दारोगा बन गया। जूते उसके पास काले थे तो उसने वही पहन लिए।
सोमिल के मुताबिक, उसे क्रेटा कार खरीदनी थी। उसने सोचा कि वर्दी पहनकर शोरूम में जाएगा तो कर्मचारियों को रौब में लेकर उनसे रुपये कम करा लेगा।
आरोपी सोमिल से पूछताछ की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। कैंट थाने के सिपाही को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। पता किया जा रहा है कि सोमिल का आपराधिक इतिहास कोई है अथवा नहीं।
पकड़े जाने पर बोला बाराबंकी में है तैनात, सवालों में फंसा
दारोगा जावेद ने सोमिल से पूछताछ शुरू की तो वह घबरा गया। तैनाती स्थल के बारे में पूछा तो वह पहले सकपका गया, फिर बोला बाराबंकी में तैनाती है। कहां तैनात हो, इस सवाल का जवाब नहीं दे सका।
