हर कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री का चेहरा मानकर भाजपा लड़ेगी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है और वही सीएम का चेहरा है।
लखनऊ (जेएनएन)। चुनावी तारीख तय होने से राजनीतिक दलों में उत्साह बढ़ गया है। भाजपा ने जिलों के प्रशासनिक प्रमुखों को चुनाव प्रबंधन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं। इसके लिए भाजपा के जिला प्रशासनिक कार्य प्रमुखों की कार्यशाला आयोजित की गई। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हमारी पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता महत्वपूर्ण है और वही सीएम का चेहरा है। केशव ने आज लखनऊ में कहा कि प्रदेश की भाग्य विधाता जनता अपने मताधिकार का प्रयोग सुशासन के लिए करेगी। विकास उसकी प्राथमिकता होगी। इसलिए अब बसपा और सपा के दिन गये। कांग्रेस पहले से ही किनारे हो गयी है। दावा किया कि भाजपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस उत्सव में 403 विधानसभा क्षेत्रों में कमल खिलेगा।
यूपी इलेक्शन 2017:जानें चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता
चुनाव खर्च का हिसाब रखना जरूरी
भाजपा के जिला प्रशासनिक प्रमुखों को हुनर सिखाने आए चुनाव प्रबंधन के विशेषज्ञ राजन खोसला ने चुनाव खर्च का प्रबंधन और हिसाब रखने पर जोर दिया। ई-समाधान व ई-सुविधा के जरिए निर्वाचन आयोग ने चुनाव संबंधी कार्यों को आसान बनाने की कोशिश की है। ई-सुविधा के जरिये सभा की अनुमति, हेलीकॉप्टर आदि लेने के लिए भी निर्देशित किया। उपाध्यक्ष जेपीएस राठौर ने कहा कि कोई भी कार्यकर्ता और समर्थक अपनी गाड़ी पर पार्टी का छोटा झंडा लगा सकता है लेकिन, झंडे पर यदि किसी प्रत्याशी का नाम या फोटो होगा तो प्रशासन से अनुमति लेनी होगी। महामंत्री विद्यासागर सोनकर ने समझाया कि अब सभी प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी निर्वाचन आयोग के अधीन आ गए हैं। कार्यशाला में आइटी प्रमुख संजय राय ने तकनीक और सोशल मीडिया के उपयोग पर जोर दिया। प्रोफेसर श्याम नंदन सिंह, गोविंद नारायण शुक्ल और शैलेन्द्र शर्मा अटल ने भी प्रमुखों को संबोधित किया।
आचार संहिताः उत्तर प्रदेश में वाहनों से लालबत्ती, हूटर और झंड़े हटाने का अभियान
राम मंदिर चुनावी नहीं राष्ट्रीय मुद्दा : कलराज
केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र मेरठ में कहा कि भाजपा संगठन आधारित पार्टी है, ऐसे में प्रत्याशी का नाम देर से तय होने में कोई नुकसान नहीं होगा। पार्टी चुनावों के लिए बूथ स्तर तक तैयार है। उन्होंने राम मंदिर को चुनावी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय मुद्दा बताया। कलराज मिश्र एक कार्यक्रम में मेरठ पहुंचे, किंतु इसी बीच आचार संहिता लागू होने की वजह से कार्यक्रम रद हो गया। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है। सपा की पूरी ताकत माफिया के संरक्षण में लगी, अब परिवार के घमासान को शांत करने में खर्च हो रही है। प्रत्याशियों की घोषणा अब तक न होने पर कहा कि भाजपा संगठन आधारित दल है, जहां बूथ पूरी तरह चुनावी तैयारी में है। ऐसे में किसी को भी लड़ाने के लिए संगठन तैयार है।
भाजपा सीएम चेहरे की बात उठी
मुख्यमंत्री चेहरा घोषित न होने पर हरियाणा का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां कोई चेहरा नहीं था किंतु पार्टी जीती। वेस्ट यूपी को प्रदेश का सबसे संवेदनशील क्षेत्र बताया। कहा कि गत वर्षों में इस क्षेत्र की शांतिभंग और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ा। दावा किया कि अविश्वास के इस माहौल को भाजपा दुरुस्त करेगी। सपा पर तंज कसते हुए कलराज मिश्र ने कहा कि जब जनता को हिसाब देने का वक्त आया तो मुलायम परिवार आपस में झगड़ाकर जनता को बरगला रहा है। केंद्र सरकार ने ढाई वर्ष में किसानों, छात्रों, उद्यमियों, व्यापारियों एवं महिलाओं के लिए तमाम योजनाएं शुरू की हैं, जिसका असर पड़ेगा। राम मंदिर पर कहा कि यह चुनावी नहीं बल्कि राष्ट्रीय मुद्दा है। इसके लिए आपसी सौहार्द एवं न्यायालय के निर्णय से राम मंदिर बनाने की जरूरत है। बीसीसीआइ अध्यक्ष अनुराग ठाकुर को हटाने के बारे में कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का सम्मान करना होगा। किंतु खुद तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष पद से हटने के प्रश्न पर गोल-मटोल जवाब देकर निकल गए।
जनाक्रोश रैलीः फीते काटने में गुजर जाएंगे केंद्र के ढाई सालः गुलाम नबी