विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नर्सिंग छात्रा का यौन उत्पीड़न करने वाले केजीएमयू के डॉक्टर आदिल के करीबियों पर भी शिकंजा

By Ayushman Pandey Edited By: Dharmendra Pandey
Published: Sat, 03 Jan 2026 03:46 PM (GMT+05:30)

Lucknow Crime: दोस्ती, फिर प्यार और शादी का वादा कर डॉ. आदिल उसे अपने फ्लैट पर बुलाता रहा और शारीरिक संबंध बनाता रहा।

किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी

किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी 

HighLights

  1. फरार डॉक्टर की तलाश में लगी पुलिस की तीन टीमें, मोबाइल बंद

  2. सर्विलांस पर केजीएमयू के डॉक्टर के करीबियों के मोबाइल

  3. छात्रा को शादी का झांसा यौन उत्पीड़न किया

  4. अंतरंग तस्वीरें वायरल करने की दी धमकी

  5. पीड़िता ने कैसरबाग थाने में दर्ज कराया था मुकदमा

जागरण संवाददाता, लखनऊ : किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी की नर्सिंग छात्रा से शादी का झांसा देकर लंबे समय से दुष्कर्म और निजी तस्वीरें वायरल करने का आरोपित डॉक्टर मोहम्मद आदिल फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश में तीन टीमें लगाई हैं।

डॉ. आदिल का मोबाइल बंद है। पुलिस ने उसके परिवार के सदस्यों और करीबियों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर ले लिया है। कैसरबाग पुलिस आरोपित के परिचितों से पूछताछ कर रही है। पुलिस के मुताबिक शुरूआती जांच में सामने आया कि आरोपित डॉ. मोहम्मद आदिल व पीड़िता के बीच विवाद हुआ था। जिसमें दोनों के बीच समझौता हुआ था। उस दौरान दोनों पक्षों ने लिखित कार्रवाई न करने की बात पुलिस को दी थी।

पुलिस के मुताबिक डॉ.आदिल पर छात्रा के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। इसके बाद दोनों के संबंध पूरी तरह खराब हो गए थे। यौन उत्पीड़न से परेशान छात्रा ने शादी का दबाव बनाया तो आरोपित ने न सिर्फ शादी से इनकार कर दिया, बल्कि उसकी निजी तस्वीरें इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी भी देने लगा।

पीड़िता अलीगंज क्षेत्र के एक पीजी में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई की तैयारी कर रही है। उसकी मुलाकात कैसरबाग निवासी आरोपित डॉ. मोहम्मद आदिल से हुई थी। आरोप है कि पहले दोस्ती, फिर प्यार और शादी का वादा कर डॉ. आदिल उसे अपने फ्लैट पर बुलाता रहा और शारीरिक संबंध बनाता रहा।

इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी मिश्रा के मुताबिक रिपोर्ट दर्ज होने के बाद से आरोपित फरार हो गया है। उसकी तलाश में पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।