Move to Jagran APP

UP MLC Election 2023: लोकसभा चुनाव से पहले एमएलसी चुनाव में BJP की बल्ले-बल्ले, झूमे समर्थक; सपा को नकारा

UP MLC Election 2023 Result लोकसभा चुनाव 2024 से ठीक पहले यूपी एमएलसी चुनाव में पांच सीटों पर भाजपा ने शानदार जीत हास‍िल की है। वहीं इन सीटों पर सपा प्रत्‍याश‍ियों को करारी हार म‍िली है। लोकसभा चुनाव से पहले म‍िली इस जीत का भाजपा जश्‍न मना रही है।

By Jagran NewsEdited By: Prabhapunj MishraPublished: Fri, 03 Feb 2023 10:07 AM (IST)Updated: Fri, 03 Feb 2023 10:07 AM (IST)
UP MLC Election 2023: लोकसभा चुनाव से पहले एमएलसी चुनाव में BJP की बल्ले-बल्ले, झूमे समर्थक; सपा को नकारा
UP MLC Election 2023: एमएलसी चुनाव में भाजपा को जीत सपा को म‍िली हार

लखनऊ, जेएनएन। गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक, कानपुर खंड स्नातक, बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक, इलाहाबाद-झांसी खंड शिक्षक व कानपुर खंड शिक्षक सीट पर एक बार फ‍िर भाजपा ने अपनी जीत का परचम लहराया है। इन सीटों पर भाजपा की सपा से टक्‍कर थी। सभी सीटों पर सपा प्रत्‍याश‍ियों को करारी हार म‍िली है।इतना ही नहीं बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक सीट से डा जयपाल, कानपुर स्नातक सीट से अरुण पाठक और गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक सीट से भाजपा प्रत्‍याशी देवेंद्र प्रताप सिंह ने हैट्रिक लगाई है।

prime article banner

कानपुर स्नातक व शिक्षक एमएलसी में अरुण की हैट्रिक, अंतिम वरीयता की गणना के बाद चंदेल फिर जीते

स्नातक व शिक्षक एमएलसी की 22 घंटे तक चली मतगणना में शुक्रवार सुबह परिणाम आए तो भाजपा कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। शिक्षक एमएलसी के लिए अंतिम वरीयता की मतगणना पूरी होने के बाद राजबहादुर सिंह चंदेल को विजयी घोषित किया गया। वही स्नातक निर्वाचन के लिए भाजपा के अरुण पाठक ने भारी मतों से विजय हासिल की।

अंतिम चरण में भाजपा के वेणुगोपाल उसके बाद निर्दलीय प्रत्याशी हेमराज के मतों को भी निर्दलीय प्रत्याशी राज बहादुर सिंह चंदेल के मतों में जोड़ दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक राजबहादुर सिंह चंदेल को 5229 मत प्राप्त हुए हैं। जिसके बाद उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया। अधिकारियों के मुताबिक टेबुलेशन तैयार हो रहा है मतों की संख्या कुछ कम ज्यादा हो सकती है। वहीं, स्नातक एमएलसी के लिए सुबह करीब छह बजे की गिनती समाप्त हो गई। भाजपा के अरुण पाठक को 53285 मत मिले। डा. कमलेश यादव को आठ हजार वोट मिले थे। कोटे के 50 प्रतिशत से अधिक मत मिलने के कारण उन्हें विजयी घोषित कर दिया गया। बता दें जिला प्रशासन ने अभी तक हार जीत की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा के देवेंद्र प्रताप सिंह की हैट्रिक

गोरखपुर-फैजाबाद खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी देवेंद्र प्रताप सिंह ने हैट्रिक लगाई है। आठ राउंड तक चली मतगणना में देवेंद्र ने प्रथम वरीयता के मतों में ही जीत के लिए निर्धारित मतों का आंकड़ा प्राप्त कर लिया। उन्होंने अपने निकटम प्रतिद्वंद्वी सपा के करुणा कांत मौर्य को 17 हजार 455 मतों से शिकस्त देते हुए लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की।

इस जीत के साथ देवेंद्र चौथी बार एमएलसी बने हैं। उन्हें कुल वैध मतों का 51.11 प्रतिशत वोट मिला है जबकि जीत के लिए 50 प्रतिशत से एक अधिक वोट की जरूरत थी। उन्हें कुल 51 हजार 699 वोट मिले जबकि सपा प्रत्याशी को 34 हजार 244 वोट मिले। आठ हजार 65 वोट अवैध घोषित किए गए। जीत दर्ज करने के बाद देवेंद्र ने गोरखनाथ मंदिर पहुंच कर गुरु गोरखनाथ का आशीर्वाद लिया।

झांसी-इलाहाबाद शिक्षक विधायक चुनाव में BJP के बाबूलाल तिवारी जीते

इलाहाबाद-झांसी शिक्षक विधायक चुनाव में भाजपा प्रत्याशी डाक्टर बाबूलाल तिवारी ने माध्यमिक शिक्षक संघ के सुरेश त्रिपाठी को 1,403 मतों से हराया। उन्हें 10,205 मत मिले, सुरेश त्रिपाठी को 8,802 वोट प्राप्त हुए। मतगणना सुबह 8 बजे तक चली। द्वितीय वरीयता की गिनती के बाद सबसे अधिक मत प्राप्त करने पर भाजपा प्रत्याशी को विजयी घोषित किया गया।

बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक में भाजपा के डा. जयपाल सिंह व्यस्त की हैट्रिक, 51257 मतों से जीते

बरेली-मुरादाबाद खंड स्नातक निवार्चन में भाजपा के डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने 51257 मतों के साथ जीत की हैट्र‍िक लगाई है। बता दें क‍ि डा. जयपाल सिंह ने गुरुवार रात दो बजे तक निर्णायक बढ़त प्राप्त कर ली थी। पांच चरणों की प्रथम वरीयता मतगणना में वह सपा के शिव प्रताप सिंह यादव से 36,323 मतों से आगे थे। भाजपा को 49, 018 जबकि सपा को 12, 695 मत मिले थे। भाजपा के डा. जयपाल सिंह व्यस्त को प्रथम वरीयता के 50 प्रतिशत से अधिक मत मिल चुके थे। इस बार स्नातक निर्वाचन में 1.78 लाख मतदाता थे, इनमें 53 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का उपयोग किया।

गुरुवार सुबह से 14 टेबलों पर चार-चार कर्मचारी लगातार मतपत्रों की छंटाई शुरू हुई। यह कार्य शाम 5.30 बजे तक चला। इसके बाद मतों की गितनी शुरू हुई। पहले ही चरण से भाजपा के डा. जयपाल सिंह व्यस्त ने बढ़त बना ली। उन्हें 8578 मत मिले, जबकि सपा के शिवप्रताप सिंह यादव को 3791 मत प्राप्त हुए थे। दूसरे चरण भाजपा प्रत्याशी के 17441 मत हो चुके थे, जबकि सपा को 7534 मत मिले थे। तीसरे चरण में भाजपा को 27029 और सपा को 10154 मत मिले थे। चौथे चरण में बढ़त के साथ भाजपा को 38096 और दूसरे नंबर पर सपा को 11402 मत प्राप्त हुए थे। पांचवें चरण में भाजपा की बढ़त और अधिक होती चली गई और अख‍िर में भाजपा ने शानदार जीत हास‍िल की। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.