Delhi CM News: रेखा गुप्ता के सीएम बनने पर मुख्यमंत्री योगी ने दी पहली प्रतिक्रिया, धामी ने कह दी ये बात
दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद शालीमार बाग से विधायक चुनीं गईं रेखा गुप्ता का नाम सीएम पद के लिए चुना गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेखा गुप्ता को बधाई दी है। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी और वे गुरुवार को सीएम पद की शपथ लेंगी।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली में भाजपा सरकार बनने के बाद शालीमार बाग से विधायक चुनीं गईं रेखा गुप्ता का नाम सीएम पद के लिए चुना गया है। रेखा गुप्ता को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रेखा गुप्ता को बधाई दी है।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘दिल्ली भाजपा के विधायक दल का नेता चुने जाने पर श्रीमती रेखा गुप्ता जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं’।
वहीं, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा, ‘दिल्ली में भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर श्रीमती रेखा गुप्ता जी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! मुझे पूर्ण विश्वास है कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में आपका नेतृत्व दिल्ली की प्रगति को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा और दिल्ली का सर्वस्पर्शी व सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा।’
कौन हैं रेखा गुप्ता, जिन्हें मिला दिल्ली का सीएम पद
रेखा गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की टिकट पर पहली बार शालीमार बाग से चुनाव जीता है। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से हुई। रेखा गुप्ता एलएलबी पास हैं और इनका जन्म जींद जिले के जुलाना के नंदगढ़ गांव 1974 में हुआ था।
1976 में पिता की नौकरी के चलते पूरा परिवार दिल्ली शिफ्ट हो गया। रेखा गुप्ता की पूरी पढ़ाई लिखाई दिल्ली में हुई। रेखा गुप्ता दिल्ली विश्वविद्यालय की सचिव व प्रधान भी रह चुकी हैं।
रेखा गुप्ता के पति का नाम मनीष गुप्ता है। मनीष गुप्ता पेशे से स्पेयर पार्ट्स के कारोबारी हैं। उन्होंने राजनीति में हमेशा पत्नी का सहयोग किया। रेखा गुप्ता ने अपने चुनावी एफिडेविट में बताया है कि उनके पति बीमा के बिजनेस से जुड़े हैं और उनका निकुंज एंटरप्राइज नाम से कारोबार भी है।
दिल्ली की होने वाली सीएम रेखा गुप्ता के दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी का नाम हर्षिता है तो छोटे बेटे का नाम निकुंज है।बेटी पिता की तरह व्यवसाय में अग्रसर है, जबकि बेटा निकुंज गुप्ता अभी पढ़ाई कर रहा है।
11वें दिन दिल्ली को मिला मुख्यमंत्री
गौरतलब है कि दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम आने के 11वें दिन भाजपा ने मुख्यमंत्री पद के लिए रेखा गुप्ता नाम तय किया है। बुधवार को भाजपा विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से रेखा गुप्ता को विधायक दल के नेता के रूप में चुना गया है, जिसका प्रस्ताव भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता, प्रवेश वर्मा और सतीश उपाध्याय ने रखा। रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री होंगी। वे गुरुवार को सीएम पद की शपथ लेंगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।