CM Yogi ने किया बड़ा एलान, इन परिवारों को CAA के तहत उचित पुनर्वास देगी सरकार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर देश के विभाजन का आरोप लगाया और कहा कि उसने विस्थापितों के प्रति उदासीनता दिखाई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सीएए के माध्यम से शरणार्थियों को नागरिकता दी है। मुख्यमंत्री ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर कहा कि कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति के कारण देश का विभाजन हुआ जिससे लाखों लोग प्रभावित हुए। उन्होंने युवाओं को इतिहास से जुड़ने की आवश्यकता बताई।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस पर सत्ता के लालच में देश का बंटवारा कराने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने विभाजन बाद सब कुछ छोड़कर भारत आए विस्थापितों के प्रति उदासीनता रवैया अपनाया।
जो हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन और ईसाई समुदाय के लोग घर-बार छोड़कर आए, उनके लिए तत्कालीन सरकार ने न स्मारक बनाए, न संग्रहालय स्थापित किए। उनकी पीड़ा को भुला दिया गया। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीएए के जरिए शरणार्थियों को नागरिकता और पुनर्वास का अधिकार दिया।
विभीषिका पीड़ित परिवारों को सीएए के तहत उचित पुनर्वास देंगी सरकार : योगी
सीएम ने कहा कि पहली बार जम्मू-कश्मीर और अन्य क्षेत्रों में शरणार्थियों को सीएए से नागरिकता मिली। ये लोग भारत के विकास में योगदान दे रहे हैं, लेकिन कांग्रेस ने उनके पुनर्वास के लिए कभी प्रयास नहीं किया। उत्तर प्रदेश सरकार सीएए के तहत पात्र परिवारों को जमीन के पट्टे और उचित पुनर्वास देगी।
जीपीओ पार्क में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर लगी प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मुख्यमंत्री ने 1947 के विभाजन को कांग्रेस की तुष्टिकरण नीति का काला अध्याय करार देते हुए कहा कि इस भीषण त्रासदी ने सनातन भारत की एकता को तोड़कर देश को पीड़ा दी।
आज 14 अगस्त 1947 की विभाजन विभीषिका को याद करते हुए पूरा देश शोकाकुल है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2021 में इस दिन को स्मृति दिवस घोषित कर इतिहास को जीवंत किया। स्वतंत्रता के लिए क्रांतिकारियों ने फांसी के फंदे को गले लगाया, लेकिन कांग्रेस ने सत्ता लालच में देश का बंटवारा कराया।
पश्चिमी पाकिस्तान के लाहौर, कराची, रावलपिंडी, मुलतान जैसे क्षेत्रों को हिंदू, सिख और बौद्ध विहीन बनाने का अभियान कांग्रेस की नीति का नतीजा था। इस हिंसा में 15 से 20 लाख लोगों की जान गई और करोड़ों विस्थापित हुए।
सीएम योगी ने कहा कि यह अत्याचारों की पराकाष्ठा थी, जिसे कांग्रेस ने बढ़ावा दिया। ऐसी प्रदर्शनी के माध्यम से देश के युवाओं को इतिहास से जोड़ना जरूरी है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।