Lucknow News: 300 फीट ऊंचे क्रूस पर स्टार बांधता है मुस्लिम परिवार, Christmas पर रहती है अलग रौनक
लखनऊ के कैथेड्रल चर्च में क्रिसमस की तैयारियां जोरों पर हैं। इस बार भी चर्च से झांकियां निकाली जाएंगी। शहर के सबसे बड़े कैथेड्रल चर्च का क्रॉस सबसे ऊंचा दूधिया स्टार रविवार को शहर में क्रिसमस आने का संदेश देगा। मुस्लिम परिवार के लोग पिछले छह पीढ़ियों से स्टार टांगने का कार्य कर रहे हैं। 24 की रात धर्माध्यक्ष जेराल्ड जान मथायस प्रभु यीशु का विधि विधान से अवतरण कराएंगे।

जितेंद्र उपाध्याय, लखनऊ। क्रिसमस का इंतजार लोगों को बेसब्री से रहता है। 25 दिसंबर सभी के लिए बहुत ही खास दिन होता है। क्योंकि, इस दिन प्रभु यीशु मसीह का जन्म हुआ था। इसलिए हर साल 25 दिसंबर को क्रिसमस डे मनाया जाता है। उन्हें याद किया जाता है। क्रिसमस को लेकर राजधानी लखनऊ के चर्च में तमाम तैयारियां चल रही हैं। हर साल की तरह इस बार भी चर्च से झांकियां निकाली जाएंगी।
क्रिसमस की बात हो और चमकते स्टार की चर्चा न हो, यह कैसे हो सकता है। शहर के सबसे बड़े कैथेड्रल चर्च का क्रॉस सबसे ऊंचा दूधिया स्टार रविवार को शहर में क्रिसमस आने का संदेश देगा। शहर के बीचाें बीच चमकते सितारे को देखकर ईसाई ही नहीं अन्य समुदाय के लोग भी खिंचे चले आते हैं।
मुस्लिम परिवार लगाता है स्टार
इस सबसे ऊंचे स्टार की खास बात यह है कि इस लगाने वाले मुस्लिम परिवार के लोग पिछले छह पीढ़ियों से स्टार टांगने का कार्य रहे हैं। हवा के रुख को देखकर 19 दिसंबर के बाद ही स्टार लगाने की तारीख तय की जाती है। मुहम्मद अली एक बार फिर इस सबसे ऊंचे स्टार को टांगने के लिए बेताब हैं।
यह भी पढ़ें: लखनऊ के चर्च : रेजीडेंसी में बना था पहला चर्च, हजरतगंज में है शहर का सबसे बड़ा कैथेड्रल
300 फीट पर चढ़ कर स्टार लगाने का होता है काम
वह बताते हैं कि चर्च में लाइटिंग का काम पिता के साथ नि:स्वार्थ भाव से करते हैं। पहले पिता माजिद अली, यह काम करते थे। करीब 300 फीट पर चढ़ कर स्टार लगाना और फिर टेस्टिंग करना खतरे से खाली नहीं रहता है। मां सन्नोखां और पिता माजिद अली रोजा रखते हैं और जब तक स्टार लगाकर हम वापस नहीं आते जब तक वह रोजा नहीं खोलते।

जश्न की शुरूआत
नाव के आकार सा दिखने वाले कैथेड्रल के फादर डा. डोनाल्ड डिसूजा का कहना है कि यह संकेत हैं कि अब प्रभु यीशु के अवतरण को कम ही वक्त बचा है और जश्न की शुरुआत हो गई है। मुहम्मद अली कई वर्षों से स्टार लगा रहे हैं। इनका खानदान ही इसे लगाने का काम करता रहा है। परिसर में चरही बनाने के साथ ही पोस्टरों को लगाकर लाइटिंग की जाएगी।
25 को शहर में रहेगी क्रिसमस की धूम
नृत्य नाटिका के साथ ही प्रभु यीशु के 26 से अधिक आदमकद के पोस्टर लगेंगे जिस पर प्रभु यीशु के अवतरण की दास्तान के अलावा उनके प्रवचन लिखे होंगे। 24 की रात धर्माध्यक्ष जेराल्ड जान मथायस प्रभु यीशु का विधि विधान से अवतरण कराएंगे। शहर के सभी गिरजाघरों में मुख्य आयोजन होंगे। 25 को पूरे शहर में क्रिसमस की धूम होगी।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।