BJP Foundation Day: 'राष्ट्र सेवा और जनसेवा में समर्पित रहें कार्यकर्ता', लखनऊ में बोले भूपेंद्र चौधरी
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने पार्टी के स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं से राष्ट्र सेवा और जनसेवा में समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं के परिश्रम से भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। पार्टी ने रविवार को बूथ स्तर पर अपना स्थापना दिवस मनाया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी का गठन जिन उद्देश्यों और संकल्पों के साथ हुआ था।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने रविवार को पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर कहा कि करोड़ों कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और बलिदान के बाद आज भाजपा की पहचान विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल के रूप में बनी है।
राम नवमी और पार्टी के स्थापना दिवस की बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की सर्वोच्च प्राथमिकता राष्ट्र प्रथम और जन सेवा की है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पार्टी की विचारधारा के अनुरूप राष्ट्र सेवा व जनसेवा में सदैव अपनी भूमिका का निर्वहन करते रहें।
भूपेंद्र चौधरनी ने पार्टी का ध्वज फहराया
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने पार्टी का ध्वज फहराया और सभी को बधाई दी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हमारी पार्टी का गठन जिन उद्देश्यों और संकल्पों के साथ हुआ था, उन्हें पूरा करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ हमने कार्य किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर से धारा 370 को खत्म करना हो या अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण हमने अपने संकल्पों को पूरा करने का काम किया और जनता से किए वायदों से हम पीछे नहीं हटे। वहीं, भाजपा ने रविवार को बूथ स्तर पर अपना स्थापना दिवस पर पूरे प्रदेश में मनाया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी व पंडित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण किया और भाजपा का झंडा फहराया।
इस मौके पर ये लोग रहे मौजूद
प्रदेश मुख्यालय में झंडा फहराने के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर भारद्वाज, प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल, अनूप गुप्ता, संजय राय, प्रदेश मंत्री शंकर गिरी, अर्चना मिश्रा, शिवभूषण सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ल, कार्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सह प्रभारी अतुल अवस्थी, लक्ष्मण सिंह, राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, राज्यसभा सदस्य बृजलाल सहित कई अन्य उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।