UP News: योगी सरकार पहली बार MSP पर खरीदेगी बाजरा, 18 जिले चिन्हित; यहां चेक करें समर्थन मूल्य
UP News यूपी सरकार इस साल एमएसपी पर मक्का के साथ पहली बार बाजरा भी खरीदेगी। मक्का और बाजरा की खरीद 15 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक होगी। बाजरा की खरीद जिन 18 जिलों में होगी। बाजरा का समर्थन मूल्य 2350 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।

UP News: लखनऊ [राजीव दीक्षित]। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में पहली बार न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर होने जा रही बाजरा की खरीद (Bajra Purchase) राज्य के 18 जिलों में होगी। यह वे जिले हैं जिनमें कृषि विभाग (Agriculture Department) ने बाजरा की बोआई 10 हजार हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में दर्शायी गई है। इसके लिए एमएसपी भी तय कर दी गई है। बाजरा का 2350 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है।
यूपी सरकार इस साल एमएसपी पर मक्का के साथ पहली बार बाजरा भी खरीदेगी। मक्का और बाजरा की खरीद 15 अक्टूबर से 15 दिसंबर तक होगी। बाजरा की खरीद जिन 18 जिलों में होगी उनमें आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, हाथरस, एटा, बरेली, बदायूं, संभल, बुलंदशहर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, जालौन, प्रयागराज और गाजीपुर जिले शामिल हैं।
खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के लिए बाजरा का समर्थन मूल्य 2350 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इस वर्ष मक्का की खरीद प्रदेश के 23 जिलों में होगी। इनमें बुलंदशहर, हापुड़, बदायूं, हरदोई, उन्नाव, मैनपुरी, फिरोजाबाद, अलीगढ़, एटा, कासगंज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, इटावा, फर्रुखाबाद, कन्नौज, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलिया, जौनपुर, सोनभद्र, देवरिया और ललितपुर जिले शामिल हैं।
इस साल मक्का का समर्थन मूल्य 1962 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है। प्रदेश मे बाजरा की खरीद जहां पहली बार होगी, वहीं मक्का खरीद का यह पांचवां वर्ष होगा। सामान्यत: मक्का का बाजार मूल्य एमएसपी से ज्यादा होने के कारण किसान इसे सरकारी क्रय केंद्रों की बजाय खुले बाजार में बेचने को प्राथमिकता देते हैं।
इस वजह से मक्का खरीद लक्ष्य से कम रहती है। पिछले साल प्रदेश में 2762.3 टन मक्का खरीदा गया था। अपवाद के तौर पर वर्ष 2020-21 था जब कोरोना महामारी के कारण मक्का का बाजार मूल्य एमएसपी से नीचे गिरा था। उस वर्ष प्रदेश मे लक्ष्य से ज्यादा 1.06 लाख टन मक्का खरीदा गया था।
इस साल 70 लाख टन धान खरीदने का प्रस्ताव
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2021-22 की भांति 2022-23 में भी 70 लाख टन धान खरीदने का प्रस्ताव है। धान खरीद के लिए प्रदेश में 4000 क्रय केंद्र स्थापित किये जाएंगे। खाद्य एवं रसद विभाग इस साल प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में पहली अक्टूबर और पूर्वी भाग में एक नवंबर से होने वाली धान खरीद की तैयारियों में जुट गया है।
विभाग की ओर से इस संबंध में शासन को भेजे गए प्रस्ताव में धान खरीदने के लिए छह एजेंसियां प्रस्तावित की गई हैं। इनमें खाद्य विभाग की विपणन शाखा, उप्र सहकारी संघ (पीसीएफ), उप्र कोआपरेटिव यूनियन (पीसीयू), उप्र उपभोक्ता सहकारी संघ (यूपीएसएस), उप्र राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद और भारतीय खाद्य निगम शामिल हैं।
इसके अलावा कृषक उत्पादक संगठन (एफपीओ) और कृषक उत्पादक कंपनियों (एफपीसी) के माध्यम से भी धान खरीदने का इरादा है। वर्ष 2022-23 में धान खरीद के लिए एमएसपी 2040 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया गया है। पिछले वर्ष प्रदेश में 70 लाख टन खरीद के लक्ष्य के सापेक्ष 65.63 लाख टन धान खरीद हुई थी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।