'मुख्यमंत्री का हवाई सर्वेक्षण, केवल बाढ़ पर्यटन', यूपी में बाढ़ संकट को लेकर अखिलेश का योगी सरकार पर हमला
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बाढ़ राहत कार्यों को लेकर योगी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार की टीम इलेवन कहीं नहीं दिख रही और हवाई सर्वेक्षण बाढ़ पर्यटन बन गया है। अखिलेश ने मथुरा आगरा समेत कई जिलों में स्थिति खराब बताई और राहत कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने भाजपा पर गुटबाजी का भी आरोप लगाया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश में चल रहे बाढ़ के संकट के बीच राहत कार्याें को लेकर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर निशाना साधा है। सपा प्रमुख ने कहा कि बाढ़ राहत को लेकर बनी मुख्यमंत्री जी की टीम इलेवन का कुछ पता नहीं है। जनता को सरकार की थोथी घोषणाओं से कोई राहत नहीं मिल रही है। सरकार, संकट में फंसी जनता को बचाने के बजाय लफ्फाजी करने में ही अपनी उपलब्धि मान रही है। मुख्यमंत्री जी का हवाई सर्वेक्षण, सिर्फ बाढ़ पर्यटन बनकर रह गया है।
सप्रा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश में बाढ़ से लाखों की आबादी और पशु संकट में हैं। मथुरा, आगरा, अलीगढ़, शाहजहांपुर, पीलीभीत, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, कन्नौज, फर्रूखाबाद, सीतापुर, हरदोई, वाराणसी आदि जिलों में स्थिति खराब है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को खाना-पानी, दवा-इलाज नहीं मिल रहा है। संकट की घड़ी में सरकार कहीं दिखाई नहीं दे रही है।
जनता को भगवान भरोसे छोड़ दिया है। बाढ़ राहत के नाम पर कागजों में खानापूर्ति हो रही है। महंगाई, बेरोजगारी समेत तमाम परेशानियों से घिरी जनता को बाढ़ ने बर्बाद कर दिया। लोग जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री जी को जनता की समस्याओं की कोई परवाह नहीं है।
वहीं सपा प्रमुख ने एक्स पर पोस्ट कर आगरा में किसानों के साथ महिला कल्याण मंत्री बेबीरानी मौर्य की बैठक में अधिकारियों के न पहुंचने को लेकर भाजपा में गुटबाजी के सवाल उठाए। लिखा कि भाजपा डिमोशन के बाद भी डिमोशन का मौका नहीं चूकती, अधिकारी किसके इशारे पर कैबिनेट मंत्री उपेक्षा कर रहे हैं। यह भी किसी आपसी खींचतान की कहानी तो नहीं। सपा प्रमुख ने डिजिटल अरेस्ट की बढ़ती घटनाओं और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की बदहाली को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।