यूपी में खाद के संकट को लेकर योगी सरकार पर फिर हमलावर हुए अखिलेश, वोटों की डकैती का भी लगाया आरोप
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खाद संकट को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने खाद घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा किसानों को खाद नहीं दे पा रही है और महिलाओं को लाइन में लगना पड़ रहा है। अखिलेश ने वोटर लिस्ट से नाम कटवाने और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव खाद के संकट को लेकर योगी सरकार पर लगातार निशाना साध रहे हैं। शुक्रवार को सपा प्रमुख ने कहा कि खाद का बड़ा घोटाला है। महिलाओं को भी लाइन लगानी पड़ रही है। भाजपा सरकार खाद नहीं दे पा रही है और किसानों पर लाठियां बरसा रही है। उन्होंने सत्ता का दुरुपयोग कर वोटों की डकैती का भी आरोप लगाया और कहा कि वोट बनने,बचाने, डलवाने से लेकर गिनने तक जनता को सतर्क रहना होगा, तभी लोकतंत्र बचेगा।
शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं से सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा गरीबों का वोट कटवा रही है। पार्टी ने वोटर लिस्ट से हटाए गए 18 हजार वोटरों की सूची शपथ पत्र के साथ चुनाव आयोग को भेजी थी। आयोग एफिडेविट मिलने से ही मना कर रहा है, परंतु सपा के पास हर एफिडेविट की रसीद है।
योगी सरकार हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है। जल जीवन मिशन में बजट का जमकर बंदरबांट हुआ। इस सरकार ने शिक्षा व्यवस्था को बर्बाद कर दिया। स्कूलों को बंद कर दिया। अपराध के कारण कानून व्यवस्था चौपट है। पौधारोपण को लेकर सारे आंकड़े भी झूठे हैं। इस दौरान नेता विरोधी दल विधानसभा माता प्रसाद पांडेय, सांसद लालजी वर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, सचिव अवधेश सिंह आदि उपस्थित रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।