‘संघी साथियों’ को अंग्रेजों का शुक्रिया अदा करना चाहिए, अखिलेश यादव का RSS पर तंज
लखनऊ में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा आरएसएस की प्रशंसा पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि संघी साथियों को अंग्रेजों का शुक्रिया अदा करना चाहिए जिन्होंने धार्मिक आधार पर देश को विभाजित करने वाले संगठन बनाए। अखिलेश ने भाजपा पर झूठ बोलने और विचारधारा से दूर होने का आरोप लगाया।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वतंत्रता दिवस के भाषण में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की प्रशंसा किए जाने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ‘संघी साथियों’ को अपने 100 वर्ष पूरे होने पर अंग्रेजों का शुक्रिया अदा करना चाहिए। अंग्रेजों ने कुछ संगठन इसलिए बनाए थे ताकि देश को धार्मिक आधार पर विभाजित किया जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘स्वदेशी’ नारे पर भी सवाल उठाया और कहा कि जो लोग केवल भाषण से स्वदेशी हैं, उन्हें मन से भी स्वदेशी बनना चाहिए।
लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में शुक्रवार को झंडारोहण के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा को झूठ नहीं बोलना चाहिए और इस दिन कोई राजनीति नहीं करनी चाहिए। भाजपा के गठन के बाद उसके पहले अधिवेशन में ही यह तय हुआ था कि पार्टी की राजनीतिक विचारधारा समाजवादी और पंथनिरपेक्ष होगी, लेकिन आज भाजपा अपनी ही विचारधारा से दूर हो गई है। इसलिए संघी-साथियों को अपनी समाजवादी और पंथनिरपेक्षता की विचारधारा को याद रखना चाहिए, ताकि देश आगे बढ़ सके।
उन्होंने अमेरिकी टैरिफ और जीएसटी जैसे मुद्दों को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि हमारी सीमाएं सुरक्षित होनी चाहिए, हमारी सेना मज़बूत होनी चाहिए और अग्निवीर जैसी योजनाएं बंद होनी चाहिए।चीन को लेकर उन्होंने कहा कि हमारा पड़ोसी देश हमारी ज़मीन पर कब्जा करता है। वह हमारे पूरे बाजार पर कब्जा कर चुका है।
मुख्यमंत्री नकलची, प्रधानमंत्री की बातें हैं दुहराते
अखिलेश ने समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय के डा. राममनोहर लोहिया सभागार में विभिन्न जिलों से आए हुए कार्यकर्ताओं को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आजादी बड़ी कुर्बानियों के बाद मिली है। आजादी के बाद का रास्ता बहुत चुनौतीपूर्ण है। भाजपा ने देश को संकट में फंसा दिया है। अमेरिका लगातार दबाव डाल रहा है। वह अपना नानवेज दूध जबरन भारत पर थोपना चाहता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नकलची हैं, प्रधानमंत्री की बातें दुहराते हैं। भाजपा राज में पढ़ाई पर पाबंदी है। समाजवादी कार्यकर्ताओं पर फर्जी केस लगा रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नौ वर्षों के शासन काल में सेमीकंडक्टर की कौन कहे, सुतली बम भी नहीं बना। प्रदेश में जो भी विकास कार्य हुए है सभी समाजवादी पार्टी ने कराए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।