Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    मिल्कीपुर में मिली हार के बाद अखिलेश यादव का पहला रिएक्शन, कहा- भाजपाई उनका इस्तेमाल करके छोड़ देंगे

    Updated: Sat, 08 Feb 2025 04:37 PM (IST)

    मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा के चंद्रभानु पासवान ने पहली बार चुनाव लड़कर सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद को हराया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस नतीजे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर चुनावी तंत्र के दुरुपयोग का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा वोट के बल पर नहीं बल्कि धांधली से जीतने की कोशिश कर रही है। अखिलेश ने अधिकारियों पर भी चुनावी गड़बड़ी का आरोप लगाया है।

    Hero Image
    सपा प्रमुख अखिलेश यादव - जागरण ग्राफिक्स

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Milikpur By Election Result: मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा के चंद्रभानु पासवान ने पहली बार चुनाव लड़कर भी सपा प्रत्याशी अजीत प्रसाद को पटखनी दे दी है। चंद्रभानु की जीत का गणित मतगणना के बीच में ही काफी हद तक साफ हो गया था, जब वो 50 से 60 हजार वोटों से आगे चल रहे थे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया सामने आई। अखिलेश ने एक्स हैंडल के माध्यम से कहा कि पीडीए की बढ़ती शक्ति का सामना भाजपा वोट के बल पर नहीं कर सकती है, इसीलिए वो चुनावी तंत्र का दुरुपयोग करके जीतने की कोशिश करती है।

    चुनाव में धांधली का तंज

    अखिलेश ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि ऐसी चुनावी धांधली करने के लिए जिस स्तर पर अधिकारियों की हेराफेरी करनी होती है, वो 1 विधानसभा में तो भले किसी तरह संभव है, लेकिन 403 विधानसभाओं में ये ‘चार सौ बीसी’ नहीं चलेगी। इस बात को भाजपावाले भी जानते हैं, इसीलिए भाजपाइयों ने मिल्कीपुर का उपचुनाव टाला था।

    ये झूठी जीत है: अखिलेश

    पीडीए मतलब 90% जनता ने खुद अपनी आंखों से ये धांधली देखी है। ये झूठी जीत है, जिसका जश्न भाजपाई कभी भी आईने में अपनी आंखों-में-आंखें डालकर नहीं मना पाएंगे। उनका अपराधबोध और भविष्य में हार का डर उनकी नींद उड़ा देगा।

    अधिकारियों पर घपलेबाजी का आरोप

    सपा प्रमुख पहले भी कई बार अधिकारियों को घेरे में ले चुके हैं। एक बार फिर उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों ने चुनावी घपलेबाजी का अपराध किया है वो आज नहीं तो कल अपने लोकतांत्रिक-अपराध की सज़ा पाएंगे। एक-एक करके सबका सच सामने आएगा।

    न क़ुदरत उन्हें बख़्शेगी, न क़ानून। भाजपाई उनका इस्तेमाल करके छोड़ देंगे, उनकी ढाल नहीं बनेंगे। जब उनकी नौकरी और पेंशन जाएगी तो वो अपने बच्चों, परिवार और समाज के बीच अपमान की ज़िंदगी की सज़ा अकेले भुगतेंगे।

    मिल्कीपुर वो सीट है, जो सपा और भाजपा दोनों के लिए नाक का सवाल बनी हुई थी। हालांकि, अंत में जीत भाजपा के खाते में आई। अखिलेश ने कहा कि लोकसभा चुनावों में अयोध्या में हुई पीडीए की सच्ची जीत, उनके मिल्कीपुर के विधानसभा की झूठी जीत पर कई गुना भारी है और हमेशा रहेगी।

    ये भी पढे़ं - 

    Delhi Elections Result: दिल्ली में भाजपा की प्रचंड जीत पर क्या बोले CM योगी? मिल्कीपुर उपचुनाव का भी किया जिक्र