ABVP कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज को लेकर अखिलेश का भाजपा पर निशाना, घटना को बताया BJP में वर्चस्व की लड़ाई
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बाराबंकी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज को लेकर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने इसे भाजपा की अंदरूनी लड़ाई का परिणाम बताया और घायलों के लिए मुआवजे की मांग की। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के पास बेरोजगारी और महंगाई का कोई समाधान नहीं है और प्रदेश में सामाजिक न्याय के लिए भाजपा को हटाना जरूरी है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बाराबंकी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला। सपा प्रमुख ने एक्स पर पोस्ट कर घटना को भाजपा के अंदर वर्चस्व साबित करने की अंदरूनी लड़ाई का परिणाम बताया। लिखा कि ये ''परिषद'' बनाम ''वाहिनी'' के दो पाटों के बीच पिस रहे और पिट रहे लोगों का मामला है।
सपा प्रमुख ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि भाजपावाले इसी तरह बहलाते हैं। पहले आपसी झगड़े में खुद ही पिटवाते हैं, फिर दिखावटी माफी मांगने के लिए कान में फुसफुसाते हैं। तंज किया कि छात्र पूछ रहे हैं, ''मुख्य'' पिटवा रहे हैं, ''उप'' उनका हाल पूछने आ रहे हैं, आखिर ये मामला क्या है? घटना का वीडियो घर-घर पहुंचने के बाद छात्र सोच रहे हैं कि अब किस मुंह से हम कहेंगे कि हम सत्ताधारी खेमे के हैं। सपा प्रमुख ने घायलों का समुचित इलाज कराने और एक-एक लाख रुपये का मुआवजा देने की भी मांग उठाई है।
वहीं पार्टी मुख्यालय पर सपा मुखिया ने कहा कि प्रदेश में सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए भाजपा को सत्ता से हटाना आवश्यक है। इस सरकार के पास बेरोजगारी, महंगाई का कोई समाधान नहीं है। भाजपा सरकार के एजेंडे में नौकरी रोजगार नहीं है। आउटसोर्स से बेरोजगारी का स्थायी हल नहीं होगा। भाजपा सरकार ने प्रदेश की जनता के हित में कोई काम नहीं किया। भाजपा पर किसी को भरोसा नहीं रह गया है। 2027 में भाजपा सरकार को कोई नहीं बचा पाएगा। इस दौरान नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बी. पांडेय मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।