यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 21, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फतेहबहादुर के बाद विपिन और महेंद्रपाल ने की योगी के लिए सीट छोडऩे की पेशकश
गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह एवं पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह ने भी मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के लिए अपनी सीट छोडऩे पेशकश की है।

लखनऊ (जेएनएन)। गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह एवं पिपराइच के विधायक महेंद्रपाल सिंह ने भी मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी के लिए अपनी सीट छोडऩे पेशकश की है। दोनों ने कहा कि योगी की कृपा से ही वे अपनी सीटों से चुनाव जीतकर विधानसभा में पहुंचे हैं। इसलिए अब जबकि मुख्यमंत्री को विधानमंडल के किसी एक सदन का सदस्य बनना अनिवार्य हो गया है, ऐसे में वह उनके लिए सीट छोडऩे को तैयार हैं।उल्लेखनीय है कि कल कैम्पियरगंज विधायक फतेहबहादुर सिंह ने भी योगी के लिए सीट छोडऩे की पेशकश की थी।
एक विज्ञप्ति में विपिन सिंह ने कहा कि मेरी और समूचे क्षेत्र की जनता की इच्छा है कि जनप्रिय नेता एवं मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी गोरखपुर ग्रामीण सीट से चुनाव लड़कर विधानसभा में पहुंचें। मैं विधायक पद से स्वेच्छा से इस्तीफा देने को तैयार हूं। मुख्यमंत्री यहां से चुनाव लड़ें तो जनता भारी बहुमत से जिताकर विधानसभा में भेजेगी। महेंद्रपाल सिंह ने भी इसी तरह की भावना व्यक्त की है। उन्होंने कहा है कि पिपराइच क्षेत्र के लिए भी यह सौभाग्य की बात होगी कि अपने लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली हमारी विधानसभा सीट से योगी विधायक बनकर प्रदेश का नेतृत्व करेंगे।
