यूपी विधानसभा चुनाव में अबकी बढ़ जाएंगे करीब एक करोड़ मतदाता, जानें- कुल कितने लोग डालेंगे वोट
यूपी विधानसभा चुनाव 2022 मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान से पहले एक नवंबर 2021 को जारी अनंतिम मतदाता सूची में ही उत्तर प्रदेश में 14.71 करोड़ मतदाता थे। अभियान के दौरान करीब 74 लाख आवेदन आए हैं। इनमें भी नए मतदाता बनने के लिए करीब 52 लाख आवेदन जमा हुए हैं।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2017 के मुकाबले 2022 के विधानसभा चुनाव में करीब एक करोड़ मतदाता बढ़ जाएंगे। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान कुल 14.16 करोड़ मतदाता थे, जबकि अगले वर्ष 2022 में होने वाले चुनाव में 15 करोड़ से अधिक मतदाता होने की उम्मीद है। मतदाता संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान से पहले एक नवंबर 2021 को जारी अनंतिम मतदाता सूची में ही प्रदेश में 14.71 करोड़ मतदाता थे। अभियान के दौरान करीब 74 लाख आवेदन आए हैं। इनमें भी नए मतदाता बनने के लिए करीब 52 लाख आवेदन जमा हुए हैं। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी को किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में वर्ष 2022 के विधासभा चुनाव की तैयारी में जुटे भारत निर्वाचन आयोग ने एक जनवरी 2022 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को मतदाता बनाने और मौजूदा मतदाताओं के नामों में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक करने के लिए मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया था। इस अभियान के दौरान करीब 74 लाख आवेदन जमा हुए हैं। इनमें नए नाम जोड़ने के अलावा स्वर्गवासी हो गए लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के आवेदन शामिल हैं।
एक नवंबर को जारी अनंतिम मतदाता सूची में कुल 14.71 करोड़ मतदाता थे। इनमें 7.92 करोड़ पुरुष व 6.79 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। थर्ड जेंडर की संख्या 7833 थी। अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. ब्रह्मदेव राम तिवारी ने बताया कि नवंबर भर चले अभियान के दौरान सभी 1.74 लाख पोलिंग बूथ पर मतदाता बनाने का अभियान चलाया गया था।
कुल जमा हुए आवेदन पत्रों की जांच-पड़ताल चल रही है। सूत्रों के अनुसार करीब 50 लाख नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं जबकि 20 लाख नाम काटे गए हैं। ऐसे में प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या लगभग 15 करोड़ से अधिक रहने की उम्मीद है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।