UP News: नेपाल सीमा से सटे 7 जिलों में ढहाए गए 130 अवैध निर्माण, सीएम योगी के निर्देश पर चला बुलडोजर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर नेपाल सीमा से लगे सात जिलों में अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। दो महीने में 130 अवैध निर्माण ध्वस्त किए गए। 298 अवैध धार्मिक स्थल चिह्नित किए गए जिनमें से 223 को नोटिस जारी किए गए। श्रावस्ती में सबसे अधिक 37 अवैध निर्माण गिराए गए। अन्य जिलों में भी लगातार कार्रवाई जारी है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। नेपाल सीमा से सटे सात जिलों में अवैध निर्माण व बिना मान्यता के संचालित धार्मिक संस्थाओं के विरुद्ध अभियान के तहत कार्रवाई जारी है। मुख्यमंत्री योगी अदित्यनाथ के निर्देश पर दो माह में अब तक 130 अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए। महराजगंज, बलरामपुर, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, बहराइच व पीलीभीत में अभियान के तहत कुल 298 अवैध मस्जिद, ईदगाह, मदरसे व मजार चिन्हित किए गए। इनमें 223 अवैध निर्माणों के विरुद्ध नोटिस जारी की गई। अब तक 198 अवैध निर्माणों को सील किया गया और 130 अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चल चुका है। इनमें सर्वाधिक 37 अवैध निर्माण श्रावस्ती में ढहाए गए।
अभियान के तहत श्रावस्ती में अब तक 149 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए हैं, जिन्हें नोटिस जारी जा चुके हैं। यहां 140 अवैध निर्माण सील किए गए हैं और 37 अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए। लखीमपुर खीरी में कुल 13 अवैध निर्माण को चिन्हित किया गया है। इनमें एक मामले में नोटिस जारी की गई है। 10 अवैध निर्माण को सील किया गया है और तीन को ध्वस्त कराया जा चुका है।
महराजगंज में कुल 45 अवैध निर्माण चिन्हित कर सभी को नोटिस जारी की गई। यहां 24 अवैध निर्माण सील किए गए और 31 को ध्वस्त किया गया। बलरामपुर में कुल 41 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए। इनमें 19 अवैध निर्माण सील किए गए व 21 को ध्वस्त किया गया। सिद्धार्थनगर में 23 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए और दो को नोटिस दी गई। यहां अब तक 21 अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चल चुका है। बहराइच में 25 अवैध निर्माण चिन्हित कर सभी को नोटिस दी गई। इनमें पांच को सील किया गया व 15 अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए। पीलीभीत में दो अवैध निर्माण ध्वस्त कराए गए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।