Yogi Cabinet: 52 करोड़ रुपये से खरीदे जाएंगे 2.60 करोड़ तिरंगे, योगी कैबिनेट ने 'हर घर तिरंगा' अभियान को दी स्वीकृति
उत्तर प्रदेश सरकार हर घर तिरंगा अभियान के लिए 52 करोड़ रुपये में 2.60 करोड़ तिरंगे खरीदेगी। योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में कैबिनेट ने पंचायतीराज और नगर विकास विभाग के प्रस्ताव को मंजूरी दी। पंचायतीराज विभाग 2 करोड़ और नगर विकास विभाग 60 लाख झंडे खरीदेगा। यह खरीद राज्य वित्त आयोग और राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत की जाएगी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। हर एक नागरिक के मन में राष्ट्र प्रेम की भावना को और जागृत करने व स्वतंत्रता के प्रतीकों के प्रति सम्मान का भाव उजागर करने के लिए आयोजित किए जा रहे ''''हर घर तिरंगा'''' अभियान के लिए सरकार 52 करोड़ रुपये से 2.60 करोड़ तिरंगा खरीदेगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित कैबिनेट की बैठक में पंचायतीराज व नगर विकास विभाग के झंडा खरीद के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान कर दी है। दो करोड़ झंडा पंचायतीराज विभाग व 60 लाख झंडा नगर विकास विभाग खरीदेगा।
ग्रामीण क्षेत्रों के लिए झंडे की व्यवस्था पंचायतीराज विभाग 40 करोड़ रुपये से कराएगा जबकि शहरों के लिए 12 करोड़ रुपये में 60 लाख तिरंगे खरीदे जाएंगे। यह झंडे घरों व प्रतिष्ठानों पर फहराने के लिए आमजन को दिए जाएंगे। यह खरीद पंचायतीराज विभाग व नगरीय निकाय राज्य वित्त आयोग से प्राप्त हो रही धनराशि से कर सकेंगे।
नगर विकास विभाग इसे राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी निर्बल वर्ग की लगभग 29 हजार महिलाओं द्वारा तैयार किए गए तिरंगों को खरीदेगा। वहीं पंचायतीराज विभाग राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन व एमएसएमई इकाईयों से खरीदेगा।
''''हर घर तिरंगा'''' अभियान के लिए जिला स्तर पर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में एक समिति का गठन किया गया है। इसमें जनप्रतिनधियों, छात्रों, सिविल सोसायटी आदि की भी सक्रिय सहभागिता रहेगी। इस कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए निर्गत निर्देशों एवं झंडा संहिता का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।