Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    यूपी में BJP विधायक पर फायरिंग, बाल-बाल बचे सौरभ सिंह सोनू... पत्नी के साथ वॉक पर निकले थे

    Updated: Thu, 02 Jan 2025 09:29 PM (IST)

    लखीमपुर खीरी में भाजपा विधायक सौरभ सिंह सोनू पर बुधवार देर रात फायरिंग हुई। हालांकि गोलीबारी में वे बाल-बाल बच गए। विधायक अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर टहल रहे थे तभी नशे में धुत दो युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। इसके बाद युवकों ने फायरिंग कर दी और भाग निकले। पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।

    Hero Image
    भाजपा विधायक पर फायरिंग की गई, बाल-बाल बचे। (तस्वीर जागरण)

    संवाद सूत्र, लखीमपुर। लखीमपुर खीरी में भाजपा विधायक सौरभ सिंह सोनू पर बुधवार देर रात फायरिंग हुई। हालांकि गोलीबारी में वे बाल-बाल बच गए। दरअसल, सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शिवकालोनी में रात साढ़े दस बजे कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू अपनी पत्नी के साथ घर के बाहर रास्ते में टहल रहे थे, तभी उन्होंने नशे में धुत दो युवकों को टोका। इसके बाद कहासुनी हुई, तब तक युवकों ने फायरिंग कर दी और भाग निकले।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दो महीना पहले अक्टूबर में अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक के चुनाव के दौरान सदर विधायक के साथ हुए थप्पड़ कांड के बाद अब कस्ता विधायक पर जानलेवा हमले का मामला तूल पकड़ रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने संज्ञान लेते हुए विधायक को फोन कर हाल पूछा और हर संभव मदद व प्रभावी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

    पत्नी के साथ घर के बाहर टहल रहे थे विधायक

    बुधवार की रात साढ़े दस बजे कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू अपने घर के बाहर ब्लॉक प्रमुख पत्नी खुशबू सिंह के साथ टहल रहे थे, जबकि उनका गनर घर पर ही बैठा था। तभी रास्ते में सड़क किनारे शराब के नशे में धुत दो युवक खड़े होकर सिगरेट पीता दिखने पर कस्ता विधायक ने उन्हें टोका, जिसके बाद युवकों से नोकझोंक हो गई। शोरगुल सुनकर गनर भी मौके पर पहुंचा, लेकिन दोनों आरोपित युवक फायरिंग कर बाइक से भाग निकले।

    कस्ता विधायक ने भी गनर के साथ गाड़ी से कुछ दूर तक भाग रहे युवकों का पीछा किया, लेकिन उन्हें पकड़ने में सफलता नहीं मिली। सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी और एएसपी पूर्वी पवन गौतम मौके पर जांच पड़ताल करने पहुंचे तो कस्ता विधायक के पिता पूर्व राज्य सभा सदस्य जुगुल किशोर ने कोतवाली पुलिस समेत एसपी को खरी खोटी सुनाई और बढ़ती घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

    पुलिस ने तीन आरोपियों पर दर्ज किया मुकदमा

    इस दौरान विधायक के कार्यकर्ता व समर्थक भी एकत्र हो गए और 24 घंटे के अंदर आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग करने लगे। कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू की तहरीर पर पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।

    सीओ सिटी रमेश कुमार तिवारी ने बताया कि कस्ता विधायक के साथ हुई घटना में तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ रिपाेर्ट दर्ज करके जांच की जा रही है। संदेह के आधार पर तीन युवकों को हिरासत में पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। 

    मुख्यमंत्री और डीजीपी से मिलने आज लखनऊ जाएंगे सभी विधायक और जिलाध्यक्ष

    जिले में एक के बाद एक करके भाजपा विधायकों के साथ हो रही घटनाओं को लेकर भाजपा नेताओं में रोष है। कस्ता विधायक सौरभ सिंह सोनू के साथ हुई घटना के बाद भाजपा नेताओं ने एकजुटता दिखाई है। गुरुवार को भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, सदर विधायक योगेश वर्मा, गोला विधायक अमन गिरि, धौरहरा विधायक विनोद शंकर अवस्थी घटना की जानकारी लेने कस्ता विधायक घर शिव कॉलाेनी पहुंचे।

    सभी विधायकाें व जिलाध्यक्ष को कस्ता विधायक ने घटना के बारे में जानकारी दी। भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को फोन कर घटना की जानकारी दी और शुक्रवार को मिलने के लिए समय मांगा है। इसके अलावा डीजीपी और गृह सचिव से मिलने के लिए समय मांगा है।

    सीएम से मिलने जाएंगे जिले के सभी विधायक

    भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि कस्ता विधायक के साथ हुई घटना बेहद गंभीर है। इसके पीछे किन लाेगों का हाथ है और उनकी क्या मंशा है, जिसका पता लगाया जाना आवश्यक है, इसलिए मुख्यमंत्री समेत उच्चाधिकारियों से मिलने के लिए आठों विधायक शुक्रवार को लखनऊ जाएंगे। मामले की गहनता से जांच कराने की मांग की जाएगी।

    साथ ही उन्होंने वर्तमान पुलिस अधिकारियों की भूमिका को लेकर सवाल उठाए हैं और विधायकों के साथ हो रही घटनाओं के लिए पुलिस की निष्क्रियता को जिम्मेदार मान रहे हैं, इसलिए संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री से विधायकों की मुलाकात के बाद पुलिस विभाग में परिवर्तन देखने को मिल सकता है।

    इसे भी पढ़ें- Delhi News: मीट की दुकान की जांच करने गई नगर निगम की टीम पर हमला, बवाना विधायक पर मुकदमा दर्ज