यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Kushinagar News: स्टेयरिंग फेल होने से बेकाबू बस रेलिंग से टकराई, नहर में गिरने से बची; बाल-बाल बचे स्कूली बच्चे
बिहार के सहजनवा में एक निजी स्कूल बस का स्टेयरिंग फेल होने से वह अनियंत्रित होकर नहर की रेलिंग से ...और पढ़ें

HighLights
- स्टेयरिंग फेल होने से अनियंत्रित बस ने नहर की रेलिंग तोड़ी
- सुबह साढ़े आठ बजे सहजनवा बड़ी नहर पुल पर हुआ हादसा
- स्थानीय युवकों ने बस में फंसे छह बच्चों को सुरक्षित निकाला
जागरण संवाददाता, समउर बाजार/कुशीनगर। फाजिलनगर स्थित एक निजी विद्यालय की बस के साथ मंगलवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते बचा। बिहार प्रांत के कटेया थाना क्षेत्र के सहजनवा बड़ी नहर के पुल पर पहुंचते ही बस का स्टेयरिंग अचानक फेल हो गई, जिससे गाड़ी अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए अटक गई और नहर में गिरने से बाल-बाल बची। घटना सुबह करीब साढ़े आठ बजे की है। बस में उस समय कुल छह बच्चे सवार थे।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फाजिलनगर कस्बे के द हर्मिटेज एकेडमी की यह बस रोज की तरह बच्चों को उनके घर से लेने जा रही थी। चालक भरत प्रसाद ने कहा कि बस में गंगुआ बाजार के दो, पिपरा बघेल के दो और बिहार प्रांत के सहजनवा गांव के दो बच्चे सवार थे। अन्य बच्चों को लेने के लिए बस पकड़ियार जा रही थी, तभी यह हादसा हुआ।
चीखने लगे बच्चे, आसपास के लोग मौके पर पहुंचे
स्टेयरिंग फेल होते ही बच्चों में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़े। भीड़ में मौजूद तीन-चार युवकों ने बिना समय गंवाए बस में चढ़कर एक-एक कर सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। उनकी त्वरित कार्रवाई से संभावित बड़ी त्रासदी टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बस में अधिक बच्चे होते या वह नहर में गिर जाती, तो स्थिति भयावह हो सकती थी।
बस की फिटनेस पर लोगों ने उठाए सवाल
लोगों ने सवाल उठाया कि विद्यालय प्रबंधन ने बस की फिटनेस की समय पर जांच क्यों नहीं कराई और संबंधित विभाग ने इस पर ध्यान क्यों नहीं दिया। साथ ही यह भी पूछा जा रहा है कि बस को बिहार राज्य में चलाने की अनुमति किस आधार पर दी गई थी। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों और विद्यालय संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।