Kushinagar News: जमीनी विवाद में चले लाठी-डंडे, दो महिला समेत तीन घायल; युवक को सड़क पर लिटा कर लगाया जाम
विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर मंगलवार सुबह नौ बजे दोनों पक्ष में मारपीट हो गई। इसमें युवक व महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। युवक की हालत गंभीर बताई जा ...और पढ़ें

दुदही, जागरण संवाददाता: विशुनपुरा के बांसगांव खास में विवादित भूमि पर कब्जे को लेकर मंगलवार सुबह नौ बजे दोनों पक्ष में मारपीट हो गई। इसमें युवक व महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ घायल युवक को चारपाई पर रख दुदही-बांसगांव सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर पहुंचे अधिकारियों के आश्वासन पर वे माने और घायल को अस्पताल ले जाया गया। सीओ तमकुहीराज जेएस कालरा ने ग्रामीणों को समझाया और एसएचओ को आवश्यक निर्देश दिया।
गांव के विश्वनाथ गुप्त व सिकंदर मद्धेशिया के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा है। इससे जुड़ा वाद न्यायालय में लंबित है। सुबह नौ बजे सिकंदर स्वजन संग विवादित भूमि की ट्रैक्टर से जोताई करा रहे थे। जानकारी होने पर विश्वनाथ अपने छोटे भाई रतन के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध जताए। इसे लेकर दोनाें तरफ से कहासुनी होने लगी। कुछ ही समय में बात बढ़ गई और सिकंदर व उनके साथ रहे लोग लाठी-डंडे से हमला कर दिए। विश्वनाथ, रतन व विश्वनाथ की पौत्री अंजनी घायल हो गए।
गांव में फैली खबर तो लगाया जाम
रतन के सिर व पीठ पर गंभीर चोटें आईं हैं। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग आए तो आरोपित फरार हो गए। कुछ ही समय में मारपीट की खबर गांव में फैल गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए। घटना को लेकर आक्रोशित गांव के लोगों ने रतन को चारपाई पर रख परिजनों संग गांव के सामने सड़क जाम कर दिया।
एसएचओ अनिल उपाध्याय ने उच्चाधिकारियों को सूचना दी। थोड़े ही समय में सीओ तथा तमकुहीराज, सेवरही व बरवापट्टी पुलिस आ गई। मामले की जांच कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के सीओ के आश्वासन के बाद लोग माने और जाम समाप्त हुआ। एसएचओ ने बताया कि सिकंदर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।