कासगंज में एक और गैंगरेपः शादी में दोस्ती की फिर मिलने बुलाया, दरिंदगी का वीडियो बनवाकर साथियों को बांटा
Kasganj Gangrape सहावर में किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ। युवक ने पहले फ्रेंडशिप की फिर बुलाकर दुष्कर्म किया। दोस्ती करने वाला युवक अपने साथ गांव के ही दूसरे साथी को लेकर आया था। उसने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया तो दूसरे साथी ने उसका वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने ब्लैकमेल शुरू कर दिया। इसके बाद उसने भी दुष्कर्म किया।

जागरण संवाददाता, कासगंज। शहर में सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। सहावर में किशोरी के साथ दो युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और इसका वीडियो बनाकर साथियों को बांट दिया। पीड़िता के पिता ने दोनों आरोपितों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कराया है।
मामला सहवार क्षेत्र के गांव का है। गांव में 12 अप्रैल को शादी थी। इसमें गांव का ही रहने वाला युवक ने शादी में आई किशोरी को बहला फुसला लिया। उसके साथ दो दिन प्यार भरी बातें कीं। इसके बाद 15 अप्रैल को उसे गांव से कुछ दूर दोपहर में खेत में बुला लिया। वहां किशोरी से वार्ता के दौरान छेड़छाड़ करने लगा। विरोध पर नहीं माना। धमका कर उसके साथ दुष्कर्म करने लगा।
इस पूरी घटना का वीडियो किशोरी के मोहल्ले के रहने वाले युवक ने बना लिया। वीडियो डिलीट करने के एवज में दूसरे युवक ने भी किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। इसके बावजूद वीडियो को डिलीट नहीं किया। इतना ही नहीं उसने आरोपित ने वीडियो को अपने दोस्तों को बांट दिया। इसकी जानकारी जब किशोरी के पिता को मिली तो उसने बेटी से इस संबंध में जानकारी ली।
दुष्कर्म की जानकारी पिता को दी
बेटी ने पिता को बताया उसे मिलने के लिए बुलाया था। उसके बाद सुनसान देख उसके साथ दुष्कर्म किया गया। उसके साथी ने इसका वीडियो बना लिया। इसके बाद उसने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। 21 अप्रैल को पीड़िता के पिता ने दोनों आरोपितों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली में एक फैक्ट्री में कर रहा था काम
पुलिस पूछताछ में दुष्कर्म करने वाले आरोपित ने बताया कि वह इंटरमीडिएट का छात्र था। पिता के साथ दिल्ली में एक फैक्ट्री में काम कर रहा था। दोस्त की बहन की शादी में तीन दिन पहले ही किशोरी से मुलाकात हुई थी। सहावर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवेश राणा ने बताया कि पीड़िता की पिता की तहरीर पर दोनों के खिलाफ दुष्कर्म का अभियोग पंजीकृत किया गया है। दोनों आरोपितों को प्राथमिकी दर्ज होने के चंद घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों की डीएनए टेस्ट कराया जा रहा है।
पीड़िता अस्पताल में भर्ती
पीड़िता को दर्द की शिकायत पर सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार चल रहा है।
दोनों आरोपितों को हो रहा डीएनए टेस्ट
पुलिस ने दोनों आरोपितों का डीएनए टेस्ट करा रही है। मंगलवार काे दोनों आरोपितों को पुलिस जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उनको डीएनए टेस्ट के लिए नाखून, खून आदि के नमूने लिए गए। पुलिस इनको जांच के लिए प्रयोगशाला भेजेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।