UP News: भाकियू स्वराज के राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष गिरफ्तार, 30 से ज्यादा मुकदमे हैं दर्ज
कासगंज पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन स्वराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडेय और उनके भाई प्रदेश अध्यक्ष आशीष पांडेय को गिरफ्तार किया है। दोनों पर मारपीट जानलेवा हमले और अन्य आपराधिक मामलों में 30 से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। दोनों हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर भी हैं जिन पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं।

जागरण संवाददाता, कासगंज। कासगंज पुलिस ने मारपीट, बलवा, जानलेवा हमले का प्रयास और 7- क्रिमिनल एक्ट में वांछित चल रहे भारतीय किसान यूनियन स्वराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष को प्रयागराज और और उनके भाई प्रदेश अध्यक्ष को एटा से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने दोनों को शनिवार सुबह कासगंज न्यायालय में पेश किया। जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है। दोनों आरोपितों पर विभिन्न थानों में 30 से अधिक प्राथमिकी दर्ज हैं।
एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि थाना ढोलना के गांव गढ़ी हरनाठेर निवासी कुलदीप पांडेय और उनका भाई आशीष पाण्डेय पुत्रगण चन्द्रशेखर पांडेय पर कोतवाली सदर में वर्ष 2022 में दो मारपीट, जानलेवा हमले, सात क्रिमिनल एक्ट में वांछित चल रहे थे।
शुक्रवार को पुलिस ने कुलदीप को प्रयागराज से गिरफ्तार किया। वहीं आशीष को एटा पुलिस की मदद से शुक्रवार रात को एटा से कासगंज आते समय गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कुलदीप पांडेय व आशीष पांडेय थाना ढोलना के हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर अपराधी हैं।
यह भी पढ़ें- Kasganj News: प्रेमिका के घर पहुंचा प्रेमी और उठाया ऐसा खौफनाक कदम, जिसने भी देखा निकल गई चीख
दोनों अपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहते हैं। इन्होंने तथाकथित रूप से किसान यूनियन संगठन स्वराज का गठन कर लिया है। कुलदीप अपने को राष्ट्रीय अध्यक्ष और आशीष प्रदेश अध्यक्ष बताता है। दोनों सजायाफ्ता अपराधी हैं।
इन्हें वर्ष 2023 में न्यायालय कासगंज द्वारा गैंगस्टर के दो अभियोगों में सात-सात वर्ष के कारावास से दंडित किया गया था। वर्तमान में दोनों जमानत पर हैं। आरोपित कुलदीप पर विभिन्न थाना क्षेत्राें में 30 प्राथमिकी दर्ज हैं। वहीं आरोपित आशीष पर 36 प्राथमिकी दर्ज हैं।
पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद आरोपितों के गांव, न्यायालय परिसर पर पुलिस सुरक्षा कड़ी कर दी। गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली सदर प्रभारी निरीक्षक प्रवेश राणा, एसओजी प्रभारी चंचल कुमार, सर्विलांस प्रभारी प्रेमपाल सिंह शामिल रहे।
पकड़े गए तीन साथियों को मेडिकल के बाद छोड़ा
एएसपी राजेश भारती ने बताया कि आरोपितों के साथ तीन और लोग और थे। तीनों को हिरासत में लिया गया था। इनमें गढ़ी पंचगाईं के अजय पांडेय, राम अवतार और एक बालक था।
उन्होंने बताया कि तीनों को मेडिकल कराने के बाद छोड़ दिया गया। इन पर वर्तमान में कोई अपराधिक मामला दर्ज नहीं था। तीनों आरोपितों के साथ चल रहे थे। एहतियातन तीनों को पूछताछ के लिए पकड़ा था।
आरोपितों पर दो दिन में जानलेवा हमले की दो प्राथमिकी दर्ज
ढोलना थाने में गढ़ी पंचगाईं निवासी अरुण ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि पांच सितंबर शाम पांच बजे भाकियू स्वराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप पांडेय, प्रदेश अध्यक्ष आशीष पांडेय ने अपने साथियों के साथ उनको रास्ते में घेर लिया। तमंचों से उन पर फायरिंग कर दी। इस हमले में बाल बाल बचे।
वहीं, सोरों थाना में गांव तुमरिया निवासी रामबेटी ने दी तहरीर में लिखा कि उसने गांव में जमीन खरीदी है। इससे गांव का मोरपाल और उनका भाई हीरालाल रंजिश मानते हैं। कुलदीप पांडेय की गाड़ी को हीरालाल चलाते हैं।
दस सितंबर की शाम पांच बजे करीब कुलदीप और आशीष के कहने पर मोरपाल ने आठ-दस अज्ञात साथियों के साथ लाठी डंडे के साथ उसके घर आ गए। उसकाे आवाज देकर बाहर बुलाया और तमंचों से फायरिंग कर दी। वह बाल बाल बची।
पुलिस ने इसमें कुलदीप उनके भाई आशीष, सुरजीत, संदीप, मोरपाल, हीरालाल और आठ-दस अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमले की प्राथमिकी दर्ज की गई है। दो दिन में यह मुकदमे दर्ज हुए हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।