विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 01, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP के सीएम योगी से बोली कानपुर की बच्ची, मेरा एडमिशन करा दीजिए, बड़े होकर बनूंगी...

Published: Mon, 01 Sep 2025 06:26 PM (IST)

कानपुर की माहिरा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिक्षा प्राप्त करने की इच्छा जताई। सीएम योगी ने जनता दर्शन कार्यक्रम ...और पढ़ें

सीएम के जनता दर्शन में बेटी माहिरा के साथ नेहा।
सीएम के जनता दर्शन में बेटी माहिरा के साथ नेहा।

HighLights

  1. लखनऊ में जनता दर्शन में पहुंची केशवपुरम निवासी नेहा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बताई शिकायत
  2. डीएम ने संयुक्त शिक्षा माध्यमिक से बात करके बच्ची का प्रवेश सुनिश्चित कराने को कहा, बीईओ ने जवाब तलब किया

जागरण संवाददाता, कानपुर। कानपुर की बेटी माहिरा का जवाब सुनकर सीएम योगी दंग रह गए। उन्होंने बेटी से पूछा क्या करना चाहती हो। उसने कहा, मेरा एडमिशन करा दीजिए, मैं भी कुछ बन जाऊंगी। इस पर सीएम योगी ने पूछा क्या बनोगी। बच्ची ने बड़े प्यार से जवाब दिया। 

दरअसल, सीएम योगी ने सोमवार को लखनऊ में जनता दर्शन कार्यक्रम किया। इस दौरान उन्होंने जनता की समस्याओं को सुना। इस दौरान कानपुर के केशवपुरम निवासी मोहम्मद शमसाद खान की पत्नी नेहा अपनी बेटी के साथ पहुंची। सीएम ने उनकी समस्या सुनी।

नेहा ने कहा,  मुख्यमंत्री जी, बेटी को पढ़ाना चाहती हूं। एस्कार्ट वर्ल्ड स्कूल में प्रवेश करवा दीजिए। कानपुर के केशवपुरम निवासी मोहम्मद शमसाद खान की पत्नी नेहा ने ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहीं। मुख्यमंत्री ने नेहा की बेटी माहिरा से पूछा पढ़ाई करोगी, बड़े होकर क्या बनाेगी। माहिरा ने मासूमियत से जवाब देते हुए कहा कि हां, पढ़ाई करूंगी और डाक्टर बनूंगी। मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए माहिरा को चाकलेट दी और अधिकारियों को बच्ची का प्रवेश कराने को कहा।

डीएम जितेन्द्र प्रताप सिंह ने संयुक्त शिक्षा माध्यमिक मनोज कुमार द्विवेदी से बात की। बीएसए सुरजीत कुमार सिंह ने शास्त्री नगर की खंड शिक्षा अधिकारी यास्मीन परवीन को स्कूल में भेजकर प्रवेश को लेकर वार्ता कराई। हालांकि, काफी जद्दोजहद के बाद शाम को स्कूल प्रबंधन ने बच्ची का प्रवेश लेने को सहमति पत्र जारी किया।

दरअसल, आरटीई के अंतर्गत माहिरा और उसके भाई मोहम्मद हम्माद खान को प्री प्राइमरी में एस्कार्ट वर्ल्ड स्कूल, केशवपुरम आवंटित हुआ था। मां नेहा का आरोप है कि पिछले तीन माह से ज्यादा समय से स्कूल के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन अब तक बच्चों को प्रवेश नहीं मिल सका। आधा से ज्यादा सत्र बीत चुका है। स्कूल प्रबंधन की हठ के आगे बच्चों की पढ़ाई पिछड़ रही है।

पति मोहम्मद शमसाद खान एलईडी बल्ब की रिपेयरिंग करने का काम करते हैं। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसलिए आरटीई के जरिये बच्चों को निजी स्कूल में पढ़ाना चाहते हैं। वहीं, मायरा को प्रवेश न दिए जाने के प्रकरण में एस्कार्ट्स वर्ल्ड स्कूल के प्रिंसिपल सुधीर तिवारी से पक्ष जानने के लिए फोन और मैसेज किया गया लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया।

एस्कार्ट वर्ल्ड स्कूल, केशवपुरम के प्रबंधक की मनमानी किए जाने और आरटीई के बच्चों को प्रवेश न दिए जाने का प्रकरण संज्ञान में आया है। खंड शिक्षा अधिकारी को स्कूल में भेजकर प्रबंधक और प्रिंसिपल से जवाब तलब किया गया है। शाम तक स्कूल ने प्रवेश लेने के लिए सहमति पत्र दे दिया है। मंगलवार को बच्ची को प्रवेश मिल जाएगा।

सुरजीत कुमार सिंह, बीएसए, कानपुर नगर।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।