विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कानपुर में रोडवेज बसों का बड़ा रूट बदलाव! झकरकटी नहीं आएंगी 50% बसें, 7 दिन मल्टीलेवल पार्किंग फ्री

Published: Tue, 03 Nov 2026 09:18 PM (IST)

मंडलायुक्त के निर्देश पर कानपुर में रोडवेज बसों के रूट में बड़ा बदलाव किया गया है, जिससे झकरकटी बस अड्डे ...और पढ़ें

झकरकटी बस अड्डा। इंटरनेट मीडिया

झकरकटी बस अड्डा। इंटरनेट मीडिया

HighLights

  1. 1050 बसों का झकरकटी से है संचालन, 200 बसें पश्चिम जिलों से आती हैं, 400 बसें पूर्वांचल से आती हैं

  2. आगरा, इटावा और गाजियाबाद की ओर से लखनऊ जाने वाली बसें भौंती और रामादेवी होकर गुजरेंगी

  3. पांच नवंबर से सरैया क्रासिंग होकर चलेंगी लखनऊ, हरदोई और रायबरेली रूट की बसें

जागरण संवाददाता, कानपुर। रोडवेज बस यात्रियों के साथ कानपुर शहर के लिए ये खबर बड़ी राहत देने वाली है। मंडलायुक्त ने पश्चिमी जिलों से लखनऊ और अन्य जनपदों की ओर जाने वाली रोडवेज बसों का शहर के भीतर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। साथ ही लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और रायबरेली रूट की बसें गुरुवार से सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से संचालित होंगी, जो सरैया क्रासिंग से होकर आवागमन करेंगी।

वहीं, बाजारों में उमड़ रही भीड़ को देखकर मंडलायुक्त ने फूलबाग, परेड और पंचक्की की मल्टीलेवल पार्किंग सात दिनों तक निश्शुल्क कर दी है। परेड के रामलीला मैदान में भी अस्थाई निश्शुल्क पार्किंग देने का फैसला किया है। ये निर्णय मंगलवार को मंडलायुक्त के. विजयेन्द्र पांडियन ने शाम को शिविर कार्यालय में यातायात व्यवस्था की समीक्षा बैठक में लिए हैं।

मंडलायुक्त ने कहा कि झकरकटी बस अड्डे पर बसों का दबाव अधिक है। सड़क किनारे खड़े वाहनों के कारण प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित है। इसके समाधान के लिए रोडवेज बसों के संचालन में बदलाव के साथ पार्किंग व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने बताया कि आगरा, इटावा और गाजियाबाद की ओर से आने वाली ऐसी बसें, जिनका अंतिम गंतव्य अन्य जनपदों में है, वह भौंती, नौबस्ता फ्लाईओवर और रामादेवी मार्ग से सीधे जाएंगी। इन बसों की शहर के भीतर एंट्री नहीं होगी। उन्होंने परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) से कहा कि झकरकट्टी बस अड्डे पर आने वाली बसों को परिसर के भीतर ही खड़ा कराएं। कोई भी रोडवेज बस अब सड़क पर न दिखे।

उन्होंने बताया कि विकासनगर स्थित सिग्नेचर सिटी बस अड्डे से बसों का संचालन बढ़ा रहे हैं। चूंकि, गुरुवार को सरैया क्रासिंग रेलवे पुल का शुभारंभ प्रस्तावित है। इसी दिन से लखनऊ, हरदोई, अयोध्या, आजमगढ़, पडरौना, बस्ती, बहराइच, गोंडा, बलरामपुर एवं रायबरेली रूट की बसों का संचालन सिग्नेचर सिटी से ही करेंगे।

इस नई व्यवस्था से झकरकट्टी बस अड्डे पर बसों की संख्या 50 फीसदी रह जाएगी और जरीब चौकी से घंटाघर मार्ग पर यातायात को राहत मिलेगी। मंडलायुक्त ने आरएम से कहा है कि डग्गामार वाहनों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाएं। इसके लिए रोडवेज एवं पुलिस की संयुक्त टीम कार्रवाई करेगी।

दैनिक जागरण की खबरों का मंडलायुक्त ने लिया संज्ञान

मंडलायुक्त ने बताया कि हाल ही में दैनिक जागरण में प्रकाशित हुईं खबरों का उन्होंने गहनता के साथ संज्ञान लिया है। जिसके में उन्होंने एडिशनल सीपी विपिन ताडा, डीसीपी ट्रैफिक अभयनाथ त्रिपाठी, आरटीओ प्रशासन राकेंद्र कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार और परिवहन निगम के अधिकारियों को शिविर कार्यालय पर बुलाया था। दैनिक जागरण ने 29 अक्टूबर के अंक में ''झकरकटी के जाम से राहगीर तंग, जिम्मेदार लड़ रहे पत्रों से जंग'' और एक नंवबर को मल्टीलेवल पार्किंग खाली...सड़क पर कारें और फुटपाथ पर दुकानें के शीर्षक से प्रमुखता से खबरें प्रकाशित की थीं।

यह भी पढ़ें- Vande Bharat Sleeper: वंदेभारत स्लीपर में प्रयागराज और वाराणसी तक सीटें फुल, कानपुर से दिल्ली का सफर 5 घंटे 25 मिनट में

यह भी पढ़ें- Dhanteras 2026: धनतेरस पर चांदी की चमक बढ़ी, कानपुर में 1800 रुपये का सिक्का और 925 हॉलमार्क वाली मूर्तियां बनीं पसंद

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।