Dhanteras 2026: धनतेरस पर चांदी की चमक बढ़ी, कानपुर में 1800 रुपये का सिक्का और 925 हॉलमार्क वाली मूर्तियां बनीं पसंद
Dhanteras 2026 : धनतेरस और दीपावली पर कानपुर के सराफा बाजार में चांदी की खरीदारी के रुझान बदल गए हैं, ...और पढ़ें
-1793711837801_m.webp)
ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
ग्राहक अब प्रमाणित सीलपैक चांदी के सिक्के पसंद कर रहे हैं
दक्षिण भारत की 925 हॉलमार्क एंटीक मूर्तियां बनीं आकर्षण का केंद्र
चांदी के भाव गिरने से वास्तविक खरीदारों की संख्या में वृद्धि
जागरण संवाददाता, कानपुर। Dhanteras 2026 : धनतेरस और दीपावली पर इस बार सराफा बाजार में चांदी की खरीदारी का अंदाज बदलता नजर आ रहा है। ग्राहक अब केवल परंपरागत लक्ष्मी-गणेश के सिक्कों और सामान्य मूर्तियों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि शुद्धता प्रमाणित सीलपैक सिक्कों, दक्षिण भारत से आईं 925 हॉलमार्क वाली एंटीक फिनिश मूर्तियों और डिजाइनर चांदी के बर्तनों की ओर भी आकर्षित हो रहे हैं। चांदी के भाव में आई राहत से बाजार में वास्तविक खरीदारों की संख्या भी बढ़ी है। पूजा के लिए छोटी वस्तुओं से लेकर लाखों रुपये की मूर्तियों और चांदी की सिल्ली तक की खरीदारी हो रही है।
सराफा बाजार में इस बार सबसे बड़ा बदलाव सिक्कों की खरीदारी में देखने को मिल रहा है। पहले एक तोले यानी 11.664 ग्राम के पारंपरिक चांदी के सिक्के प्रचलन में थे, लेकिन अब 10 ग्राम के सिक्कों की मांग अधिक है। व्यापारियों के मुताबिक, 10 ग्राम का सामान्य चांदी का सिक्का करीब 1800 से 1820 रुपये में मिल रहा है, जबकि एमएमटीसी जैसे प्रतिष्ठित ब्रांड के सीलपैक सिक्के की कीमत 2100 से 2200 रुपये तक है। कीमत में अंतर होने के बावजूद ग्राहक ब्रांडेड सिक्कों को प्राथमिकता दे रहे हैं।

चांदी केे सिक्के। जागरण
बुलियन कारोबारी पंकज अरोड़ा के अनुसार इसकी एक बड़ी वजह सामान्य लक्ष्मी-गणेश के सिक्कों की शुद्धता को लेकर बढ़ता संशय है। बाजार में गिलट यानी मिश्रित धातु के सिक्के उपहार में दिए जाने से ग्राहकों का भरोसा प्रभावित हुआ है। लोग अब ब्रांडेड सिक्के खरीदना पसंद कर रहे हैं। ये सिक्के 10, 20, 50 और 100 ग्राम के अलावा आधा किलो और एक किलो तक के वजन में उपलब्ध हैं।
बिरहाना रोड स्थित गर्ग ज्वैलर्स के प्रोपराइटर भूपेंद्र गर्ग के मुताबिक, इस बार दक्षिण भारत से मंगवाई गईं 925 हालमार्क वाली एंटीक फिनिश मूर्तियों की खास मांग है। इन मूर्तियों में बारीक नक्काशी और आकर्षक डिजाइन के कारण ग्राहक इन्हें पूजा के साथ घर की सजावट और उपहार के लिए भी पसंद कर रहे हैं। 925 शुद्धता यानी 92.5 प्रतिशत चांदी से तैयार इन मूर्तियों पर करीब 10 प्रतिशत मेकिंग चार्ज लगता है।
-1793711996258.webp)
बाजार में आईं चांदी की मूर्तियां। जागरण
छह इंच ऊंची डेढ़ किलो की मूर्ति का मूल्य लगभग तीन लाख रुपये है। एक किलो की मूर्ति करीब 2.10 लाख रुपये, 200 ग्राम की 40 हजार रुपये और 100 ग्राम की मूर्ति करीब 20 हजार रुपये में उपलब्ध है। इसके अलावा पारंपरिक सफेद यानी मूर्तियों की भी बिक्री हो रही है जो 35-40 ग्राम से लेकर एक किलो तक वजन में है। कीमत लगभग 10 हजार रुपये से शुरू होकर 1.75 से दो लाख रुपये तक पहुंच रही है।
नयागंज बाजार के रवि गुप्ता के अनुसार पूजा सामग्री के साथ उपयोग में आने वाले चांदी के बर्तनों की भी अच्छी मांग है। 925 शुद्धता वाले करीब 100 ग्राम के चांदी के गिलास की कीमत 19 हजार रुपये है। इन पर मेकिंग चार्ज भी लगभग एक प्रतिशत ही लिया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।