विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Diwali Market: कानपुर के मनीराम बगिया में दीपावली की धूम! देसी लाइटों से जगमगाया बाजार, 300 करोड़ के कारोबार की उम्मीद

Published: Mon, 02 Nov 2026 11:31 PM (IST)

कानपुर के मनीराम बगिया बाजार में दीपावली से पहले ही रौनक लौट आई है, जहां रंग-बिरंगी झालरों और सजावटी लाइटों ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

ये फोटो एआई जनरेटेड है।

HighLights

  1. मनीराम बगिया बाजार में दीपावली की जोरदार रौनक

  2. व्यापारियों को 300 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद

  3. देसी झालरों और सजावटी लाइटों की भारी मांग

जागरण संवाददाता, कानपुर। दीपावली पर बाजारों की रौनक, खरीदारी की तैयारी और कारोबार की हलचल… कानपुर के हर बाजार की अपनी एक अलग पहचान और कहानी है। इस बार दीपावली उत्सव पर दैनिक जागरण लेकर आया है एक खास बाजार सीरीज। इसमें हर रोज आपको शहर के एक प्रमुख बाजार की सैर कराएंगे और बताएंगे वहां क्या खास है, किस चीज की मिलेंगी नई और खास वैरायटी, कहां से आते हैं कारोबारी और कितने बड़े स्तर पर होता है कारोबार। सीरीज की पहली कड़ी में पढ़िए मनीराम बगिया बाजार की पूरी कहानी।

कभी शाम ढलने के बाद रोशनी से जगमगाने वाला मनीराम बगिया का झालर बाजार अब दिन में भी झिलमिल कर रहा है। सुबह 11 बजे से ही दुकानों के बाहर सजी रंग-बिरंगी झालरें, वार्म व्हाइट पिक्सल, सिलिकान स्ट्रिप लाइट और मल्टीकलर लाइटें लोगों को आकर्षित कर रही हैं।

Deepawali Market Kanpur Maniram Bagiya (1)

बाजार में उमड़ती भीड़ और दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बता रही है कि इस बार दीपावली पर कारोबार चमकेगा। तीन साल बाद बाजार में ऐसी रौनक लौटी है कि व्यापारियों को करीब 300 करोड़ रुपये के कारोबार की आस है। धनतेरस और दीपावली से पहले ही बाजार में खरीदारी का उत्साह चरम पर पहुंचने लगा है।

मनीराम बगिया में छोटी-बड़ी दुकानों के बाहर बिजली की झालरों की कतारें सजी हैं। कहीं रंग-बिरंगी रोशनी से दुकानें चमक रही हैं तो कहीं वार्म व्हाइट और मल्टीकलर लाइट के नए डिजाइन ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। दुकानदार सुबह से ही सामान सजाने और ग्राहकों को नई रेंज दिखाने में जुटे हैं।

Deepawali Market Kanpur Maniram Bagiya (3)

बाजार में खरीदारी करने पहुंच रहे लोग घरों, दुकानों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए पसंद के अनुसार लाइटें खरीद रहे हैं। थोक कारोबारियों के यहां फुटकर दुकानदारों की भी अच्छी भीड़ दिख रही है। बाजार की रौनक बढ़ने के पीछे सिर्फ दीपावली की खरीदारी ही नहीं है।

अब झालरों और सजावटी लाइटों का इस्तेमाल सालभर होने लगा है। त्योहार के साथ ही लोग घरों के इंटीरियर को आकर्षक बनाने के लिए भी नई तरह की लाइटिंग पसंद कर रहे हैं। वार्म व्हाइट, सिलिकान स्ट्रिप, पिक्सल लाइट और अलग-अलग डिजाइन की झालरों ने बाजार में नई जगह बनाई है। अब लोग घर के कमरों, बालकनी, छत और गार्डन को सजाने के लिए भी इनकी खरीदारी कर रहे हैं।

10 से आठ हजार रुपये तक की झालर

बाजार में 10 रुपये से लेकर आठ हजार रुपये तक की झालरें उपलब्ध हैं। कम कीमत वाली सामान्य झालरों से लेकर महंगे सजावटी झूमर और आधुनिक लाइटिंग की बड़ी रेंज मौजूद है। लीफ लाइट, हाईलाइटर, ज्योति लाइट, झूमर थाली, सजावटी झूमर और मल्टीकलर लाइटों की खूब बिक्री हो रही है। इस बार पाइप झालर की मांग भी बढ़ी है।

कापर महंगा होने से 30 प्रतिशत तक बढ़े दाम

इस बार झालरों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई है। कारोबारियों के मुताबिक कापर और एल्युमिनियम महंगा होने के कारण झालरों के दाम में करीब 30 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। इसके बावजूद बाजार में ग्राहकों का उत्साह कम नहीं हुआ है।

Deepawali Market Kanpur Maniram Bagiya (2)

चाइनीज झालरों का बाजार लगभग सिमटा

मनीराम बगिया के बाजार में चाइनीज झालरों की मौजूदगी अब लगभग खत्म हो चुकी है। कारोबारियों के मुताबिक भारतीय बाजार में तैयार होने वाले उत्पादों की उपलब्धता बढ़ी है। आनलाइन खरीदारी के अनुभवों के बाद लोगों का भरोसा दुकानों से सामान खरीदने पर बढ़ा है। ग्राहक दुकान पर पहुंचकर लाइट की रोशनी, गुणवत्ता और कीमत की तुलना कर रहे हैं। पसंद आने पर तत्काल खरीदारी भी कर रहे हैं।

Diwali Light


बोले कारोबारी

Deepawali Market Kanpur Maniram Bagiya (5)


इस बार बाजार में पिछले वर्षों की तुलना में ज्यादा उत्साह दिख रहा है। कोरोना महामारी के बाद कारोबार में अब तेजी से सुधार हुआ है। पहले के वर्षों में इलेक्ट्रानिक आइटम का कारोबार करीब 150 से 200 करोड़ रुपये तक रहता था, लेकिन इस बार धनतेरस और दीपावली पर लगभग 300 करोड़ रुपये के कारोबार की उम्मीद है। एडवांस आर्डर आने से थोक और फुटकर दोनों तरह के कारोबार में बढ़ोतरी हुई है।
राजीव मेहरोत्रा, अध्यक्ष, कानपुर इलेक्ट्रिकल्स कांट्रैक्टर्स एंड मर्चेंट वेलफेयर एसोसिएशन

 

Deepawali Market Kanpur Maniram Bagiya (6)

इस बार दीपावली से पहले ही बाजार में खरीदारों की संख्या बढ़ी है। थोक कारोबारियों के पास पहले से ही एडवांस आर्डर आने लगे थे। अब फुटकर दुकानदार भी तेजी से माल उठा रहे हैं। लोग नए डिजाइन और बेहतर गुणवत्ता वाली झालरें खरीदना पसंद कर रहे हैं।
कुंवर सिंह, झालर कारोबारी

 

Deepawali Market Kanpur Maniram Bagiya (4)

झालरों के साथ इलेक्ट्रानिक गिफ्ट आइटम की भी खूब खरीदारी हो रही है। दीपावली पर उपहार देने के लिए लोग आकर्षक इलेक्ट्रानिक उत्पाद खरीद रहे हैं। बाजार में इस बार नई डिजाइन और अलग-अलग रेंज के उत्पाद उपलब्ध हैं।
शानू, दुकानदार

 

Deepawali Market Kanpur Maniram Bagiya (4)

रंग-बिरंगी मल्टीकलर झालरों की बड़ी मांग है। पाइप झालर भी ग्राहकों को खूब पसंद आ रही है। त्योहार से पहले बाजार में जिस तरह से खरीदारी हो रही है, उससे बिक्री और बढ़ने की उम्मीद है।
ललित कुमार पांडेय, कारोबारी

 

यह भी पढ़ें- Weather Alert: कानपुर में कोहरे की जल्द दस्तक, 15 नवंबर से बढ़ेगी सर्दी, जानें मौसम का पूरा अपडेट

यह भी पढ़ें- Kanpur Mandi Bhav: गेहूं, दाल, चावल और सोना-चांदी के ताजा रेट देखें, 2 नवंबर के कानपुर मंडी के ताजा भाव

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।