UP में चलेगा पॉलीटेक्निक चलो अभियान, 74,787 खाली सीटों के लिए प्रवेश की तैयारी
पिछले सत्र में 74,787 सीटें खाली रहने के बाद, यूपी प्राविधिक शिक्षा विभाग ने नए सत्र में प्रवेश बढ़ाने की ...और पढ़ें

ये फोटो एआई जनरेटेड है।
HighLights
पिछले सत्र में 74,787 पॉलीटेक्निक सीटें खाली रह गईं
नए सत्र के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर से शुरू होगी
"पॉलीटेक्निक चलो अभियान" इंटर कॉलेजों में चलाया जाएगा
जागरण संवाददाता, कानपुर। प्रदेश के पालीटेक्निक संस्थानों में पिछले सत्र में 74,787 सीटें खाली रहने के बाद प्राविधिक शिक्षा विभाग ने नए सत्र में प्रवेश बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है। एक दिसंबर से प्रवेश के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। इसके साथ ही प्रदेश के सभी इंटर कालेजों में 'पालीटेक्निक चलो अभियान' चलाया जाएगा। इसके तहत विद्यार्थियों को डिप्लोमा पाठ्यक्रमों, विभिन्न ट्रेड और तकनीकी शिक्षा के बाद रोजगार के अवसरों की जानकारी देकर प्रवेश के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
विभाग का जोर प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही अधिक से अधिक विद्यार्थियों तक पहुंच बनाने पर है। अभियान के तहत इंटर कालेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पालीटेक्निक की पढ़ाई और रोजगारपरक पाठ्यक्रमों के बारे में बताया जाएगा।
प्राविधिक शिक्षा निदेशालय के निदेशक पीसी मिश्रा ने बताया कि एक दिसंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही संस्थानों को प्रचार-प्रसार की गतिविधियों में लगाया जाएगा, ताकि विद्यार्थी समय रहते अपने पसंदीदा पाठ्यक्रमों के लिए आवेदन कर सकें।
उन्होंने बताया कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद (जीकप) के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 में प्रदेश के 455 पालीटेक्निक संस्थानों में इंजीनियरिंग और अन्य डिप्लोमा पाठ्यक्रमों की कुल 1,45,601 सीटें थीं। सात चरणों की काउंसिलिंग के बाद इनमें से 70,814 सीटों पर ही प्रवेश हो सके। इस तरह 74,787 सीटें खाली रह गईं।