विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

UP Politics: यूपी में 2027 के चुनाव को लेकर कांग्रेस की क्या है रणनीति? सपा से गठबंधन और सीटों पर कानपुर अध्यक्ष का जवाब

Published: Wed, 18 Nov 2026 04:27 PM (IST)

कांग्रेस ने 2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन की ...और पढ़ें

पवन गुप्ता। जागरण

पवन गुप्ता। जागरण

HighLights

  1. कांग्रेस 2027 चुनाव के लिए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत कर रही।

  2. बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर भाजपा को घेरेगी कांग्रेस।

  3. कानपुर अध्यक्ष ने 2027 में गठबंधन सरकार बनाने का दावा किया।

जागरण संवाददाता, कानपुर। विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने संगठन को सक्रिय करने के साथ ही जनता के बीच अपनी पैठ मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है। बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपने, चौपाल लगाने और जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन के जरिए पार्टी माहौल बनाने में जुटी है।

कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता का दावा है कि भाजपा सरकार से हर वर्ग परेशान है। बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, खराब सड़कें, केडीए में भ्रष्टाचार और नगर निगम की बदहाल व्यवस्था से शहर की जनता त्रस्त है। कांग्रेस मजबूत नेतृत्व के साथ 2027 में गठबंधन की सरकार बनाएगी। संवाददाता रितेश द्विवेदी ने उनसे बातचीत की। प्रस्तुत हैं प्रमुख अंश...

 

  • सवाल : विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की क्या तैयारी है?
  • जवाब : संगठन को मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है। बूथ स्तर पर हमारी तैयारी चल रही है। मतदाता सूची पुनरीक्षण के दौरान भी कांग्रेस ने सभी राजनीतिक दलों से पहले 16 सौ बीएलओ-2 की सूची तैयार कर प्रशासन को सौंपी थी। प्रत्येक दिन जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। अब मंडलीय अधिवेशन और जगह-जगह चौपाल के माध्यम से लोगों को जोड़ेंगे।

 

  • सवाल : पीडीए और सर्वसमाज को जोड़ने की क्या रणनीति है?
  • जवाब : कांग्रेस सभी समाजों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। हर वर्ग की अपनी समस्याएं हैं। हम उनके बीच जाकर समस्याओं को समझते हैं और समाधान के लिए संघर्ष करते हैं। हमारा प्रयास है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पार्टी की विचारधारा पहुंचे। किसी वर्ग की अनदेखी नहीं होगी।

 

  • सवाल : युवाओं और महिलाओं को पार्टी से कैसे जोड़ेंगे?
  • जवाब : युवाओं को रोजगार की गारंटी और महिलाओं को सुरक्षा देने का हमारा संकल्प है। आज बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्या है। केंद्र सरकार ने लोकसभा में गलत आंकड़े कहा था कि 21 करोड़ 84 लाख लोगों ने नौकरी के लिए आवेदन किया, लेकिन केवल 73 करोड़ लोगों को नौकरी मिली। ऐसे गलत जवाब और यह स्थिति युवाओं की निराशा बताती है। महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए सख्त कानून और उनके आर्थिक विकास के लिए भी कांग्रेस संघर्ष करेगी।

 

  • सवाल : संभावित प्रत्याशियों के चयन और गठबंधन को लेकर क्या स्थिति है?
  • जवाब : सभी विधानसभा क्षेत्रों में कई दावेदार हैं। गोविंदनगर में सबसे ज्यादा सात दावेदार सामने आए हैं। अन्य विधानसभा क्षेत्र में चार से पांच दावेदारों ने आवेदन किए हैं। सभी अपने स्तर पर मेहनत कर रहे हैं। प्रत्याशी चयन का अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व करेगा। गठबंधन हुआ तो ठीक, नहीं तो अकेले भी कांग्रेस पूरी ताकत से चुनाव लड़ेगी।

 

  • सवाल : संगठन में गुटबाजी और पुराने कार्यकर्ताओं की नाराजगी कैसे दूर करेंगे?
  • जवाब : राजनीति में मतभेद होते हैं, लेकिन उन्हें मनभेद नहीं बनने देना चाहिए। मैं नाराज कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत रूप से मिलता हूं और उन्हें सम्मान देता हूं। मेरा प्रयास है कि कोई भी नाराजगी संगठन को नुकसान न पहुंचाए। पुराने और समर्पित कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना हमारी प्राथमिकता है।

 

  • सवाल : शहर के स्थानीय मुद्दों को लेकर कांग्रेस क्या करेगी?
  • जवाब : शहर में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, टूटी सड़कें, केडीए में भ्रष्टाचार, नगर निगम की फेल व्यवस्था और महंगी शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं से जनता त्राहिमाम कर रही है। युवा, मजदूर, व्यापारी, किसान और महिलाएं सभी परेशान हैं। इन मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जाएगी और संघर्ष करेगी।

 

  • सवाल : कांग्रेस पार्टी की विधानसभा चुनाव में क्या नीति होगी?
  • जवाब : कांग्रेस सर्वसमाज की पार्टी है। सत्ताधारी भाजपा ने भगवान के नाम पर सत्ता हासिल की और अब जनता चंदा चोरी जैसे आरोपों को लेकर नाराज है। पेपर लीक, बेरोजगारी और संविधान में बदलाव की कोशिशों को भी जनता के बीच उठाएंगे। पार्टी के नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, राजेंद्र गौतम, प्रमोद तिवारी और आराधना मिश्रा के मजबूत नेतृत्व में कांग्रेस का प्रदर्शन ऐतिहासिक रहेगा। 23 नवंबर को कानपुर में मंडलीय अधिवेशन होगा। इसके बाद चौपालों के माध्यम से घर-घर पहुंचेंगे। 2027 में प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनेगी और 2029 में राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री होंगे।

 

यह भी पढ़ें- कानपुर में रातभर धधकती रही इंक फैक्ट्री, सुबह फिर भड़की आग; 20 फैक्ट्री और हॉस्टल खाली, केमिकल ड्रम फटने से दहशत

यह भी पढ़ें- पीर पर चादर चढ़ाने के बजाय हनुमान जी को सिंदूर चढ़ाएं, कानपुर में देवकीनंदन ठाकुर ने सनातनियों से किया आग्रह

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।