कानपुर में रातभर धधकती रही इंक फैक्ट्री, सुबह फिर भड़की आग; 20 फैक्ट्री और हॉस्टल खाली, केमिकल ड्रम फटने से दहशत
कानपुर के रूमा औद्योगिक क्षेत्र की इंक फैक्ट्री में लगी भीषण आग रातभर धधकती रही और सुबह फिर भड़क उठी। ...और पढ़ें
HighLights
रूमा औद्योगिक क्षेत्र की इंक फैक्ट्री में लगी भीषण आग
केमिकल ड्रम फटने से 20 फैक्ट्रियां खाली कराई गईं
केआइटी गर्ल्स हॉस्टल भी एहतियातन खाली कराया गया
जागरण टीम, कानपुर। कानपुर (Kanpur) के महाराजपुर रूमा औद्योगिक क्षेत्र की इंक फैक्ट्री में रात साढ़े आठ बजे लगी आग सुबह फिर भड़क उठी। एक के बाद एक केमिकल ड्रम फटने से आसपास की 20 फैक्ट्रियां और केआइटी (KIT) गर्ल्स हॉस्टल को खाली कराया गया। केमिकल में आग लगने की वजह से दमकल की टीम ने फोम का इस्तेमाल करके आग को बुझाया।
पांच किलोमीटर तक धमाकों की गूंज
रूमा औद्योगिक क्षेत्र के सी-119 स्थित निकोलस पिगमेंट एंड इंक फैक्ट्री में मंगलवार रात 8:50 बजे आग लग गई। फैक्ट्री में रखे केमिकल भरे ड्रम फटने से पांच किलोमीटर तक धमाकों की गूंज सुनाई दी। एक किमी तक लपटें व धुएं का गुबार देख आसपास के लोग दहशत में आ गए।
-1794991441146.webp)
हॉस्टल खाली कराया, 20 फैक्ट्री भी बंद करा मजदूरों को सुरक्षित निकाला
आग की भयावहता को देखते हुए एहतियातन बगल में स्थित कानपुर इंस्टीट्यूट आफ टेक्नोलाजी कालेज (केआइटी) के गर्ल्स हास्टल को खाली करा लिया गया। आसपास की 20 फैक्ट्रियों तक आग पहुंचने की आशंका को देखते हुए उन्हें बंद कराकर मजदूरों व सामान को हटाया गया।
एक बजे आग बुझा पाए
जिले भर के फायर स्टेशनों से 15 दमकल गाड़ियां व जवान आग बुझाते रहे। आगे के हिस्से में शार्ट सर्किट से आग लगने के बाद केमिकल के ड्रमों में फैल गई थी। दमकल कर्मियों ने कड़ी मसक्कत के बाद देर रात एक बजे स्थित नियंत्रण में कर ली थी। केमिकल फैक्ट्री लगभग 75 प्रताशत तक जल गई है।
-1794991461787.webp)
सुबह फिर भड़की आग
बुधवार सुबह पीछे के हिस्से में फिर से मलबे के बीच में आग भड़क गई। वहीं केमिकल भरे लोहे के टैंक में रिसाव होने से आग उसमें भी जलने लगी। दमकल कर्मियों ने फोम टेंडर के द्वारा कूलिंग कर आग को बुझाने में जुटे रहे। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड पनकी कानपुर से सीआइएसएफ टीम ड्राइ केमिकल पाउडर (डीसीपी) टेंडर के साथ मौके पर पहुंची। फैक्ट्री के आगे के हिस्से से लेकर पीछे तक आग जलती रही। बुधवार सुबह से दोपहर एक बजे तक दमकल की 10 गाड़ियां आग बुझाने में लगी रहीं।
-1794991475547.webp)
सिविल लाइंस के कृतिका और अनुराधा त्यागी की है फैक्ट्री
सिविल लाइंस निवासी कृतिका त्यागी और उनकी मां अनुराधा त्यागी की इंक फैक्ट्री है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि केमिकल के ड्रम एक के बाद एक तेज धमाकों के साथ फटने लगे। इससे आग बुझाने के लिए पहुंची दमकल टीमों को पीछे हटना पड़ा। दमकल की गाड़ियां फैक्ट्री के अंदर तक नहीं पहुंच पाईं। बगल की फैक्ट्रियों की छतों से पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। आग पर काबू पाने के लिये आर्टिकुलेटिंग वाटर टावर (एडब्ल्यूटी) हाईटेक अग्निशमन गाड़ी को बुलाना पड़ा।
120 फीट की दूरी तक पानी फेंकती एडब्ल्यूटी
यह गाड़ी बहुमंजिला इमारतों, घनी बस्तियों या बड़े टेंट क्षेत्रों में लगी भीषण आग को बुझाने का काम करती है। यह टावर हाइड्रोलिक बूम की मदद से लगभग 120 फीट की ऊंचाई (करीब 10 से 12 मंजिल तक) से 120 फीट की दूरी तक पानी फेंकती है। इसमें लगे हाईपावर क्षमता वाले पंप से एक मिनट में लगभग 4000 लीटर पानी का छिड़काव किया जा सकता है। इसमें सीसी और थर्मल इमेजिंग कैमरे लगे होते हैं, जो धुएं या अंधेरे के बीच भी आग के स्रोत व वहां फंसे हुए इंसानों के शरीर का तापमान ट्रैक कर सकते हैं।
-1794991494793.webp)
आग बुझने के बजाय भड़कती रही
केमिकल होने की वजह से आग बुझने के बजाय और भड़कती रही। इसके बाद जवानों ने पानी के सहारे करीब 500 लीटर फोम डाला, जिसके बाद काफी हद तक आग पर काबू पा लिया गया। वहीं, हास्टल में रहने वाले अलग-अलग जिलों के छात्र-छात्राओं ने आग की सूचना अपने स्वजन को दी तो वह फोन करके वह बच्चों का हालचाल लेते रहे। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि केमिकल भरे के ड्रमों में लगातार हो रहे विस्फोट के चलते राहत व बचाव कार्य में परेशानी आई।
फोन पर बच्चों का हाल पूछते रहे स्वजन
केआइटी इंजीनियरिंग कालेज की छात्राओं को भी दहशत में डाल दिया। आग की ऊंची लपटों और केमिकल ड्रमों में हो रहे तेज धमाकों से हास्टल में रह रही छात्राएं सहम गईं। धमाकों की आवाज के बीच उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सताने लगी। आग के कालेज परिसर तक पहुंचने की आशंका पर प्रबंधन ने गर्ल्स हास्टल खाली करा छात्राओं को फार्मेसी विभाग में भेज दिया। किसी ने तत्काल अपने माता-पिता को फोन कर आग की जानकारी दी तो किसी ने वीडियो काल कर हालात दिखाए। दूसरी ओर बच्चों की आवाज में घबराहट महसूस कर स्वजन भी परेशान हो उठे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।