UP Election 2027: कानपुर में भाजपा का महासंवाद, मतभेद भुला चुनावी तैयारी में जुटने का संदेश
कानपुर में भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा और प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने संगठनात्मक बैठकें कीं। इन बैठकों में कार्यकर्ताओं ने पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली और सुनवाई न होने की शिकायतें उठाईं, जिस पर नेतृत्व ने चुनाव की तैयारियों पर ध्यान देने का संदेश दिया।

गुमटी के बावा होटल में आयोजित बैठक को संबोधित करती भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा साथ में मौजूद प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय के साथ अन्य पदाधिकारी। सौ.भाजपा उत्तर
HighLights
पुलिस-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कार्यकर्ताओं ने उठाए सवाल।
आपसी मतभेद भुलाकर चुनाव तैयारियों में जुटने का दिया संदेश।
मतदाता जोड़ो अभियान और सोशल मीडिया टीम बनाने पर जोर।
जागरण संवाददाता, कानपुर। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा अब संगठन के भीतर की नाराजगी और आपसी मतभेदों को दूर कर कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में जुट गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देश के बाद बुधवार को भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा और जिले के प्रभारी मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय और वरिष्ठ नेताओं ने संगठनात्मक बैठकों के जरिये कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली।
उत्तर, दक्षिण और ग्रामीण जिले में दिनभर मैराथन बैठकें हुईं। इनमें पूर्व पदाधिकारियों से लेकर वर्तमान जिलाध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं तक से संवाद किया गया। बैठकों में पुलिस और प्रशासन के स्तर पर सुनवाई नहीं होने की शिकायतें प्रमुखता से उठीं। वहीं, पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया कि अब व्यक्तिगत शिकायतों और विवादों को पीछे छोड़कर सभी चुनाव की तैयारियों में जुटें।
भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रेखा वर्मा और प्रदेश सरकार के मंत्री एवं कानपुर के प्रभारी योगेंद्र उपाध्याय ने अलग-अलग बैठकों में संगठन की मजबूती पर जोर दिया। शिकायतों और आपसी विवादों की जानकारी लेकर उनके निस्तारण की रिपोर्ट भी मांगी गई। प्रभारी मंत्री ने कहा कि संगठन में किसी कार्यकर्ता का मान-सम्मान और स्वाभिमान प्रभावित नहीं होना चाहिए। कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ हैं। सभी को आपसी समन्वय बनाकर चुनाव में जुटना है।
भाजपा उत्तर की बैठक में पूर्व पदाधिकारियों ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि थाने से लेकर पुलिस के उच्च अधिकारियों तक फोन करने पर जवाब नहीं मिलता। संगठन के पदाधिकारियों ने यहां तक कहा कि यदि पुलिस अधिकारियों को यह बता दिया जाए कि कोई संगठन का पदाधिकारी बोल रहा है तो शिकायत पर तत्काल मुकदमा दर्ज हो जाता है, लेकिन आम कार्यकर्ता की सुनवाई नहीं होती।
कल्याणपुर से जुड़े मामले को लेकर जिलाध्यक्ष और एक जनप्रतिनिधि के बीच भी नाराजगी का मुद्दा सामने आया। प्रभारी मंत्री और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने सभी को आश्वस्त किया कि शिकायतों का समाधान कराया जाएगा। भाजपा उत्तर जिले की बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता पार्टी की असली ताकत हैं। सभी विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत का संकल्प लेकर मैदान में उतरें तो दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाने से कोई नहीं रोक सकता।
उन्होंने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी पहली सूची से ही पीडीए की अवधारणा खत्म हो गई है। सपा परिवारवाद और अपनी सीटों की लड़ाई लड़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने तीन तलाक जैसे कानून लाकर मुस्लिम महिलाओं की बड़ी समस्या का समाधान किया है।
बैठक में मतदाता जोड़ो अभियान, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में 100 युवा और 100 महिला कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए कहा। इसके अलावा 50 सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं की टीम साइबर योद्धा के रूप में तैयार होगी। ये घर-घर संपर्क के साथ डिजिटल माध्यमों से सरकार की योजनाओं और संगठन की गतिविधियों का प्रचार करेंगे।
बैठक जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित,जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष ग्रामीण उपेन्द्र पासवान,महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी,सुनील बजाज,अवधेश सोनकर, प्रमोद विश्वकर्मा, अभिनव दीक्षित, डा.जन्मेजय सिंह के साथ सभी पदाधिकारी मौजूद।
यह भी पढ़ें- Kanpur Leopard Terror: पहले 9 ग्रामीणों पर हमला, अब मवेशी का शिकार; करनखेड़ा में तेंदुए की दहशत से सूने पड़े खेत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।